Uncategorized

CG में शिक्षक भर्ती में 50 प्रतिशत अंकों की शर्त का विरोध:आरक्षित वर्ग को भी छूट नहीं; व्यायाम और विज्ञान का एक भी पद नहीं

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती-2026 का विज्ञापन जारी होते ही नियमों और पदों को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध शुरू हो गया है। लंबे इंतजार के बाद हिंदी और संस्कृत विषयों में शिक्षक पद निकलने से राहत जरूर मिली है, लेकिन व्यायाम और विज्ञान शिक्षक के पद नहीं होने से युवा नाराज हैं।

सबसे ज्यादा आपत्ति शैक्षणिक योग्यता में न्यूनतम 50% अंकों की अनिवार्यता को लेकर है। अभ्यर्थियों का दावा है कि बदले नियमों के कारण बड़ी संख्या में युवा आवेदन से वंचित हो सकते हैं।

राज्य सरकार ने पिछले साल 5 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की घोषणा की थी। उस समय व्यायाम शिक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव भी तैयार किया गया था। अब शिक्षक के 1,654 पदों के लिए विज्ञापन जारी हुआ है, लेकिन इसमें व्यायाम शिक्षक का एक भी पद नहीं है।

विज्ञान शिक्षक के पद भी शामिल नहीं किए गए हैं। विज्ञापन के अनुसार सहायक शिक्षक पद के लिए 12वीं और शिक्षक पद के लिए स्नातक में न्यूनतम 50% अंक जरूरी हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछली भर्ती में ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग को न्यूनतम अंकों में 5% की छूट मिली थी।

इससे 45% अंक वाले अभ्यर्थी भी पात्र थे। इस बार विज्ञापन में ऐसी छूट का उल्लेख नहीं होने से बड़ी संख्या में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी अपात्र हो गए हैं। प्रतियोगी परीक्षा विशेषज्ञ रवि गोयल का कहना है कि शिक्षक भर्ती के लिए बनाए गए नियमों और मौजूदा विज्ञापन की शर्तों से अभ्यर्थियों में निराशा है।

हिंदी-संस्कृत में 550 पद, व्याख्याता भर्ती में भी 200 से ज्यादा पद संभावित

शिक्षक भर्ती-2026 के तहत हिंदी और संस्कृत विषयों के कुल 550 पद भरे जाएंगे। इनमें हिंदी के 250 और संस्कृत के 300 पद शामिल हैं। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल जल्द आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। व्याख्याता भर्ती में भी इन दोनों विषयों के 200 से ज्यादा पद होने की संभावना है।

राज्य गठन के बाद 2005, 2008 और 2011 में जिला पंचायतों के माध्यम से शिक्षाकर्मियों की भर्ती हुई थी। स्कूल शिक्षा विभाग ने 2019 में शिक्षकों की भर्ती निकाली। इसके बाद 2023 में करीब 12 हजार पदों के लिए वैकेंसी आई, लेकिन दोनों भर्तियों में हिंदी और संस्कृत विषयों के पद शामिल नहीं थे।

इन प्रावधानों पर भी आपत्ति

  • जरूरी प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख को ही पात्रता की डेडलाइन बनाया गया है।
  • शिक्षक वर्ग-2 के गणित विषय में इंजीनियरिंग डिग्रीधारियों की पात्रता को लेकर स्पष्ट निर्देश नहीं हैं।
  • आयु सीमा में पांच साल की छूट का स्पष्ट उल्लेख नहीं है।
  • शिक्षक वर्ग-2 में कृषि विषय के पदों के लिए बीएड और टीईटी अनिवार्य किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button