CG के इस शराब भट्टी में बदमाशो ने 2 गार्ड को बंधक बनाकर मारा चाकू:शराब दुकान का लॉकर तोड़कर आग लगाने की कोशिश 27 हजार रुपए कैश, दो पेटी शराब, गार्ड का मोबाइल सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हो गए
By Dinesh chourasiya
बिलासपुर में सोमवार तड़के 5 नकाबपोश बदमाशों ने सरकारी शराब दुकान में धावा बोल दिया। बदमाशों ने दो सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए और बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान एक गार्ड पर चाकू से भी हमला किया गया।







इसके बाद आरोपी दुकान में घुसे और लॉकर तोड़ने, आग लगाने की कोशिश की। इसमें सफल नहीं होने पर वे करीब 27 हजार रुपए कैश, दो पेटी शराब, गार्ड का मोबाइल और सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हो गए। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।
तड़के करीब 4 बजे की वारदात




पुलिस के अनुसार, वारदात तड़के करीब 4 बजे हुई। घायल गार्ड हरिकुमार ने बताया कि पांच नकाबपोश बदमाश दुकान के पास पहुंचे और शराब दुकान की चाबी मांगने लगे। विरोध करने पर उन्होंने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
शोर सुनकर दूसरा गार्ड शैलेंद्र बचाने पहुंचा तो उस पर भी हमला कर दिया गया। बदमाशों ने हरिकुमार पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों गार्डों के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उन्हें बंधक बना लिया और दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
कटर से लॉकर काटने की कोशिश
दुकान के अंदर बदमाशों ने कटर से लॉकर काटने की कोशिश की। काफी देर तक प्रयास करने के बाद भी लॉकर नहीं खुला तो उसमें आग लगाने का भी प्रयास किया।
इसके बाद आरोपी करीब 27 हजार रुपए नकद, देशी-विदेशी शराब की दो पेटियां, गार्ड का मोबाइल फोन और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर लेकर फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि डीवीआर ले जाने का मकसद वारदात के सबूत मिटाना था।
किसी तरह बंधन से मुक्त हुए गार्ड
बदमाशों के जाने के बाद दोनों गार्ड किसी तरह रस्सियों से मुक्त हुए। सुबह वहां से गुजर रहे लोगों ने उनकी हालत देखी और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल गार्ड को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस और साइबर टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस, आबकारी विभाग के अधिकारी, एसीसीयू टीम और साइबर एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
गतौरा क्षेत्र की शराब दुकान में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। कुछ साल पहले भी मस्तूरी क्षेत्र की एक शराब दुकान में लूट का प्रयास हुआ था। उस समय बदमाशों ने फायरिंग भी की थी।
ग्रामीणों ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में चिंगराजपारा के कई युवक भी शामिल थे।
⁰






