
वृक्षारोपण महाअभियान में उत्कृष्ट सहभागिता पर जिला प्रशासन ने अधिकारी-कर्मचारियों का किया सम्मान
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण में योगदान की सराहना की, 2.72 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी से बालोद ने रचा नया कीर्तिमान
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 03 अगस्त 2026
जिला प्रशासन द्वारा गुरूवार 30 जुलाई को जिले में आयोजित वृहद वृक्षारोपण के दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पौधरोपण का प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने पौधरोपण के कार्य को पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए जिले में आयोजित इस वृहद वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की भूरी-भूरी सराहना की। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान 30 जुलाई को आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत पौधरोपण करने वाले संयुक्त जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा के मंशानुरूप बालोद जिला प्रशासन द्वारा जिले में गुरूवार 30 जुलाई को आयोजित महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के दौरान जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके फलस्वरूप महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों, जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों सहित संपूर्ण जिले वासियों के सहयोग से गुरूवार 30 जुलाई को 02 लाख 72 हजार 483 लोगों के द्वारा पौधरोपण करने की महत्वपूर्ण उपलब्धि बालोद जिले को हासिल हुई है। बालोद जिले को प्राप्त इस महत्वपूर्ण उलपब्धि की सराहना व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि हमारे सभी अधिकारी-कर्मचारियों सहित जिले के सभी जनप्रतिनिधि, महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों एवं सभी वर्गों के सहयोग से जिले में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा एवं श्री नूतन कंवर सहित संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष के अलावा राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।





रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)