Uncategorized

भिलाई में पीछा कर रहे युवक को लड़की ने जमकर चप्पल से पीटा 

By Dinesh chourasiya

 

 भिलाई में एक युवती ने पीछा कर रहे युवक की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। युवती का आरोप है कि कुछ महीने पहले भी यही युवक एक मॉल में उसका पीछा कर चुका था। अब दोबारा घर लौटते समय उसे वही युवक दिखाई दिया, जिसके बाद उसने हिम्मत दिखाते हुए उसे सड़क पर रोक लिया। इस दौरान युवती ने युवक को कई थप्पड़ मारे। आसपास मौजूद लोगों ने भी युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। युवक की पहचान स्मृति नगर निवासी 29 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

युवती ने खुद रिकॉर्ड किया वीडियो युवती ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह युवक से सवाल पूछती और उस पर पीछा करने का आरोप लगाती नजर आती है। कुछ लोग युवक को पकड़कर खड़े रहते हैं, जबकि युवती लगातार उससे जवाब मांगती है। बाद में उसने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड कर दिया।

10 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियो सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो गया है। इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए इस वीडियो को अब तक 10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो पर बड़ी संख्या में लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। कुछ लोग युवती के साहस की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

युवती का दावा- पहले भी कर चुका था पीछा युवती का कहना है कि कुछ महीने पहले एक मॉल में भी यही युवक उसका पीछा करता मिला था। उस समय वह किसी तरह वहां से निकल गई थी। इस बार घर लौटते समय उसने युवक को फिर अपने पीछे देखा। उसे पहचानने के बाद उसने अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वहीं उसका सामना किया और लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने के बाद युवक को हिरासत में लेकर सुपेला थाना लाया गया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Back to top button