Aradhna news BalodBalodCRIMEUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयअपराधछत्तीसगढ़
Trending

झलमला-रानीमाई रोड पर लूट की वारदात का खुलासा, मुख्य आरोपी बालोद पुलिस की गिरफ्त में

साथियों के साथ मिलकर वारदात को दिया था अंजाम, चाकू दिखाकर ₹4,500 नगद व स्मार्टफोन लूटा, घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद 01जुलाई 2026।

झलमला-रानीमाई तालगांव मार्ग पर चाकू की नोक पर युवक से नगदी और मोबाइल लूटने की घटना का बालोद पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रामेश्वर साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 07 कोरर, जिला कांकेर ने 28 जून 2026 को थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 13 जून 2026 को वह मोटर साइकिल क्रमांक CG 05 AM 5425 से राजनांदगांव मोटर पार्ट्स खरीदने गया था। सामान नहीं मिलने पर वापस लौटते समय झलमला-रानीमाई तालगांव रोड पर शौच के लिए रुका। 14 जून 2026 की सुबह करीब 4 बजे मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों में से एक ने डंडे से मारपीट की, जबकि दूसरे ने चाकू गले पर टिकाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब में रखे 4,500 रुपये नगद तथा मोटोरोला कंपनी का स्मार्टफोन लूटकर फरार हो गए। प्रकरण में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 311/2026 धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

 

जांच के दौरान आरोपी सचिन सिंह राजपूत पिता महेम्बर सिंह, उम्र 18 वर्ष 02 माह, निवासी वार्ड क्रमांक 21 रेलवे कॉलोनी, दल्लीराजहरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 13 जून की रात चारों दोस्तों ने मिलकर किसी राहगीर को लूटने की योजना बनाई थी। इसके बाद दल्लीराजहरा से बालोद पहुंचे और झलमला-रानीमाई तालगांव मार्ग पर वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद मोबाइल रास्ते में फेंक दिया तथा नगदी चारों ने आपस में बांट ली। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया।

 

आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल पाल सिन्हा, सउनि गौकरण भंडारी, सायबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य तथा थाना बालोद एवं सायबर सेल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button