
लाटाबोड़ में बायोगैस संयंत्र का निरीक्षण, सीईओ ने दिए संचालन सुधार के निर्देश
क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 16 जून। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने सोमवार को बालोद विकासखंड के ग्राम लाटाबोड़ में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्थापित बायोगैस संयंत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयंत्र की संचालन स्थिति, गैस उत्पादन क्षमता, जैविक अपशिष्ट की उपलब्धता और रखरखाव व्यवस्था का जायजा लिया।




निरीक्षण के दौरान बायोगैस संयंत्र का संचालन अपेक्षित स्तर पर नहीं पाए जाने पर सीईओ ने संबंधित अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और संचालन से जुड़े कर्मियों को संयंत्र को शीघ्र पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोबर एवं अन्य जैविक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन कर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए।
सीईओ ने संयंत्र में नियमित रूप से जैविक अपशिष्ट की आपूर्ति सुनिश्चित करने, तकनीकी कमियों को दूर करने, इनलेट-आउटलेट की सफाई बनाए रखने तथा संचालन एवं रखरखाव की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि बायोगैस संयंत्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके सुचारू संचालन से स्वच्छ ईंधन के साथ उच्च गुणवत्ता की जैविक खाद का उत्पादन संभव है, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी।
श्री चंद्रवंशी ने निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक सुधारात्मक कार्य पूर्ण कर संयंत्र को नियमित रूप से संचालित करने तथा इसकी सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी कर उनके प्रभावी संचालन को सुनिश्चित किया जा रहा है।





