दुर्ग भिलाई की हर चौक-चौराहों पर तैनात जवान:ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 450 वाहन चालकों पर कार्यवाही, डेढ़ लाख वसूले
By Dinesh chourasiya

यातायात पुलिस जिलेभर में ऑपरेशन सुरक्षा के तहत सघन चेकिंग अभियान चला रही है। सुबह और शाम रोजाना हर चौक-चौराहों पर जवानों को तैनात कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।







इस दौरान पुलिस ने शहर के सेंट्रल एवेन्यू और गैरेज रोड के साथ जीई रोड और दुर्ग के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच की। एक ही दिन में 450 चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर करीब 1.50 लाख रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात डीएसपी सदानंद विंध्यराज ने बताया कि अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन संचालन के 200, ट्रिपल सीटर के 25, बिना लाइसेंस के 20, नो पार्किंग के 22, रैश ड्राइविंग के 25, मॉडिफाइड साइलेंसर के 15 और ड्रिंक एंड ड्राइव के 5 मामलों में कार्रवाई की गई।




पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के महत्व से जागरूक करना इसका मुख्य उद्देश्य है।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना कानूनी जिम्मेदारी के साथ-साथ मानवीय कर्तव्य भी है।
हेलमेट पर पहली बार इतनी सख्ती दुर्ग जिले में पहली बार हेलमेट को लेकर पुलिस अफसरों द्वारा इतनी सख्ती बरती जा रही है। अफसरों के मुताबिक सबसे ज्यादा सड़क हादसों में हेलमेट न लगाने की वजह से मौतें होती है। इसकी वजह से सभी को हेलमेट खुद से ही लगाना चाहिए। हेलमेट की अनिवार्यता को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर भी बिना हेलमेट के पेट्रोल देने पर रोक लगा दी गई है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नशे की हालत में वाहन संचालन से बचें और तेज रफ्तार या लापरवाह ड्राइविंग से दूरी बनाए रखें। पुलिस का कहना है कि सड़क सभी के लिए सुरक्षित तभी होगी, जब चालक स्वयं सतर्क रहेंगे और अनुशासन का पालन करेंगे।




