दुर्ग में शिवनाथ नदी किनारे बर्थडे मना रहा युवक नदी में बहा:पार्टी के बाद किनारे पर बर्तन धोने गया था; 18 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
By Dinesh chourasiya
दुर्ग में जन्मदिन मनाने गया युवक शनिवार शाम शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट में तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।







जानकारी मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने देर शाम तक नदी में युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। हादसे को 18 घंटे से ऊपर हो चुके हैं। रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक की तलाश की जा रही है।





दोस्तों के साथ नदी किनारे पहुंचा था युवक
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी शमित मिश्रा के अनुसार, खुर्सीपार निवासी पांच युवक शनिवार को शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट पहुंचे थे। यहां सभी बर्थडे पार्टी मना रहे थे। दोपहर में खाना खाने के बाद शाम करीब 6 बजे दो युवक नदी किनारे बर्तन धोने गए थे।

बर्तन में पानी भरते समय बिगड़ा संतुलन
बर्तन धोने के दौरान सत्यदेव मोहबिया (26) नदी किनारे पानी भर रहा था। इसी दौरान बर्तन में पानी भरने से उसका वजन बढ़ गया और अचानक सत्यदेव का संतुलन बिगड़ गया। वह नदी के तेज बहाव में गिरकर बह गया।
साथ मौजूद युवक ने तुरंत शोर मचाया और अपने अन्य दोस्तों को बुलाया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू की।

देर शाम तक नहीं मिला सुराग
एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने नदी के आसपास काफी देर तक सत्यदेव की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा। अब रविवार सुबह एक बार फिर नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
सत्यदेव बिहारी मोहल्ला, खुर्सीपार का रहने वाला बताया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक के नदी में बहने के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है।






