
ग्राम पंचायत बोडेना में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण, डॉ. ममता साहू ने बांटी ECCE किट और फल
महिलाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से ही समाज को मिलेगी नई दिशा, बच्चों को नियमित आंगनबाड़ी भेजने की अपील
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर पत्रकार
बालोद (छत्तीसगढ़), 06 सितंबर 2026। जिले के ग्राम पंचायत बोडेना में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू शामिल हुईं।
इस अवसर पर डॉ. ममता साहू ने आंगनबाड़ी केंद्र के 14 बच्चों को ECCE किट और ताजे फलों का वितरण किया तथा केंद्र की शैक्षणिक और पोषण संबंधी गतिविधियों की शुरुआत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ममता साहू ने कहा कि महिलाओं का शिक्षित और आत्मनिर्भर होना परिवार और समाज के विकास की महत्वपूर्ण शर्त है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों के सर्वांगीण विकास और सुपोषण के लिए उन्हें नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने का भी आग्रह किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, जनपद सदस्य गुण्डरदेही श्रीमती टुकेश्वरी साहू, ग्राम पंचायत बोडेना की सरपंच श्रीमती प्रेमी तलाम, क्रान्तिभूषण साहू, धनाराम साहू, लक्ष्मी साहू तथा कांति साहू उपस्थित रहे।
अतिथियों ने ग्राम स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों के पोषण व प्रारंभिक शिक्षा पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार गुण्डरदेही सुश्री अल्पा साहू, महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती खलेश्वरी नाग तथा संरक्षण अधिकारी श्रीमती हितेश्वरी मेश्राम भी उपस्थित रहीं।
इसके अलावा ग्राम पंचायत बोडेना के वार्ड पंच, सेक्टर पर्यवेक्षक रीना लहरे, तामेश्वरी भुवार्य, टिकेश्वर भुवार्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के लोकार्पण को क्षेत्र में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और देखभाल संबंधी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








