
बालोद में बाल दिव्यांग प्रमाणीकरण अभियान: 7 से 12 सितंबर तक विशेष शिविर, बच्चों के लिए निःशुल्क बस सुविधा
6 से 18 वर्ष तक के पात्र बच्चों के दिव्यांग प्रमाणन के लिए समाज कल्याण विभाग परिसर में होगा विशेष शिविर
विजय कुमार की रिपोर्ट पत्रकार
बालोद (छत्तीसगढ़)। जिले में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के प्रमाणीकरण के लिए 7 से 12 सितंबर तक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन समाज कल्याण विभाग परिसर, बालोद में किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य पात्र दिव्यांग बच्चों को प्रमाणन प्रक्रिया से जोड़ते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना है। अभिभावकों से अपील की गई है कि उनके परिवार अथवा आसपास कोई पात्र दिव्यांग बच्चा हो तो उसे शिविर में पहुंचाकर अभियान का लाभ दिलाएं।
बच्चों के लिए निःशुल्क बस सुविधा
शिविर में शामिल होने वाले बच्चों की सुविधा के लिए उन्हें शिविर स्थल तक लाने और वापस घर पहुंचाने के लिए निःशुल्क बस व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रमाणीकरण के लिए शिविर में आने वाले बच्चों के अभिभावकों से आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई है।
ये दस्तावेज साथ लाना आवश्यक
बच्चे का आधार कार्ड
पासपोर्ट साइज फोटो
पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र, यदि नवीनीकरण कराया जाना हो
बैंक पासबुक
जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने आम नागरिकों से इस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि जिले का कोई भी पात्र दिव्यांग बच्चा प्रमाणन और शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।







