CG के दल्लीराजहरा से ट्रेन में बैठकर भिलाई पहुंचा तेंदुआ BSP प्लांट के अंदर दिखा, गाय का शिकार किया; वन विभाग-मैत्रीबाग की टीम ट्रैप करने में लगी अभी भी तेंदुआ बीएसपी प्लांट में मौजूद
By Dinesh chourasiya

भिलाई स्टील प्लांट के परिसर में तेंदुआ के घूमने वाले वीडियो की पुष्टि हो गई है। वन विभाग ने इसकी पुष्टि की है कि वीडियो सही है। DFO दुर्ग का कहना तेंदुआ दल्लीराजहरा के जंगल से निकलकर गुड्स ट्रेन में बैठकर भिलाई पहुंचा है।
दुर्ग DFO चंद्रशेखर सिंह परदेशी ने बताया कि पिछले दो दिनों से भिलाई में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है। प्लांट के अलग-अलग हिस्सों में उसके पंजों के निशान मिले हैं। वह अभी भी बीएसपी क्षेत्र में ही घूम रहा है। इस दौरान उसने एक गाय का भी शिकार किया है। वन विभाग, CISF बल और मैत्री बाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है।







DFO परदेसी ने बताया कि तेंदुए के दल्ली राजहरा के जंगलों से भटककर भिलाई स्टील प्लांट तक आने की आशंका है। माना जा रहा है कि वह पुरैना गेट से प्लांट में दाखिल हुआ है, क्योंकि इस रास्ते से मालगाड़ियों की आवाजाही होती है। जंगली जानवर अक्सर रेलवे पटरियों और खुले रास्तों का इस्तेमाल करते हैं।
इससे वे शहरों और औद्योगिक इलाकों में पहुंच जाते हैं। प्लांट में तेंदुए के देखे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह एक गाय का शिकार करता दिख रहा है। इसके अलावा, वेल्डिंग शॉप के पास बैठे तेंदुए की तस्वीर भी सामने आई है, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह प्लांट के भीतर ही घूम रहा है।
रेस्क्यू के लिए बनाई गई 7 टीमें




DFO परदेसी ने बताया कि तेंदुए का रेस्क्यू करने के लिए 7 टीमों को तैनात किया है। मंगलवार रात 10 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। रेस्क्यू का काम जारी है। टीमों में वन विभाग के विशेषज्ञों के अलावा CISF और मैत्री बाग के अनुभवी सदस्य भी शामिल हैं।

जगह-जगह लगाए गए हैं ट्रैप कैमरे
वन विभाग ने तेंदुए का लोकेशन जानने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। पिंजरे में चारा रखकर उसे फंसाने की कोशिश की जा रही है। टीम ड्रोन की मदद से भी तेंदुए की लोकेशन ट्रैक कर रही है। यदि तेंदुआ किसी सुरक्षित स्थान पर देखा जाता है, तो उसे बेहोश करने के लिए ट्रैंक्विलाइजर गन का इस्तेमाल किया जाएगा।
लोगों से रात में ना निकलने की अपील
DFO परदेसी ने लोगों से अपील की है कि वे सुनसान जगहों पर न जाएं और समूह में रहें। प्लांट में शिफ्ट के दौरान सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। भिलाई स्टील प्लांट में तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने सभी कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।




