भिलाई के 3 घरों में मिला गौ-मांस:बजरंग दल पहुंचा तो युवक ने लगाई फांसी, परिजन बोले- डर के कारण की खुदकुशी पुलिस जांच में जुटी
By Dinesh chourasiya
भिलाई में तीन घरों में गौ-मांस मिला है। जब बजरंग दल के सदस्य इसका विरोध करने पहुंचे तो एक युवक लोकेश सोनी ने खुद को घर में बंद कर लिया और फंदे पर झूल गया। परिजनों का आरोप है कि युवक ने बजरंग दल के डर से खुदकुशी की है। सुपेला पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये मामला सुपेला थाना अंतर्गत फरीदनगर में हड्डी गोदाम के पास का है। यहां तीन घरों में गौमांस मिला है। रविवार दोपहर जैसे ही बजरंग दल के लोगों को इसकी जानकारी हुई वो लोग बड़ी संख्या में वहां विरोध करने पहुंच गए। बजरंगियों का आरोप है कि यहां शिव मंदिर के बगल में गौ-मांस काटा जाता है।








बजरंग दल के सदस्यों ने बताया कि जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी हुई वो लोग खुद ग्राहक बनकर शिव मंदिर के पास फरीद नगर पहुंचे। यहां उन्होंने गौ-मांस खरीदा। इसके बाद जब पूरी सच्चाई सामने आई तो उन्होंने इसका विरोध किया। खबर मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

युवक ने कमरे में लगाई फांसी
फरीद नगर निवासी महिला संतोषी सोनी ने बताया कि उनके जेठ का बेटा लोकेश सोनी (22 साल) गौ-मांस लेकर आया था। वो गौ-मांस खाता है तो लेकर आया था। वहां अचानक से बजरंग दल के लोग विरोध करने आ गए। उनका विरोध देखकर लोकेश काफी डर गया और वो घर के अंदर घुस गया। उसने डर के मारे घर के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।




बजरंग दल ने कहा- लंबे समय से मिल रही थी शिकायत
इधर विरोध करने पहुंचे बजरंगियों का कहना है कि उन्हें काफी समय से सूचना मिल रही थी कि यहां पर गौ-मांस बिक रहा है। उन्होंने इसका पता लगाया और जब इसकी सच्चाई सामने आई तो उन्होंने इसका विरोध किया। उन्होंने बकायदा इसकी शिकायत सुपेला थाने में भी की है।





