भिलाई में बीएसपी अधिकारी की रेलवे ट्रैक पर मिली लाश:घटना स्थल पर मिली बाइक से हुई पहचान, जांच में जुटी पुलिस
By Dinesh chourasiya

दुर्ग के सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बीएसपी अधिकारी की लाश रेलवे ट्रैक पर मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से मिली बाइक को जब्त कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे ने बताया आज सुबह 7.30 उन्हें सूचना मिली कि किसी व्यक्ति की बटालियन के पास रेलवे ट्रैक पर लाश पड़ी है। जब वहां पुलिस की टीम पहुंची तो पता चला कि किसी युवक ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी की है। पुलिस को मौके से एक बाइक भी बरामद हुई है।







मृतक की सिनाख्त करने के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों से जब जानकारी ली तो उसकी पहचान सेक्टर 8 निवासी रामकृष्ण उइके (54साल) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक बीएसपी के प्लेट मिल में कार्यरत था। वर्ष 2023 में उन्हें प्रमोशन मिला था। वो शनिवार सुबह घर से बाइक लेकर निकला था।
परिजनों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि ऐसी कोई बात या परेशानी नहीं थी, जिससे वो खुदकुशी जैसा कदम उठाए। परिजन और उसके साथ काम करने वाले लोग इस बात से परेशान हैं कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस खुदकुशी का कारण जानने के लिए पूछताछ कर रही है।




