CRIMEछत्तीसगढ़

गर्लफ्रेंड से मिलने आए युवक को चोर समझकर ग्रामीणों ने की लात-घूंसों से पिटाई

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में चोरी के शक में एक युवक को बंधक बनाकर पिटाई करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग उस लड़के को लात-घूंसों से पीटते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा उस युवक पर लाठियां भी भरसाई गईं हैं। इधर, शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की जांच में प्रेम प्रसंग की बात भी पता चली है। बताया जा रहा है कि युवक दूसरे गांव का है और वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था। तभी ग्रामीणों ने चोरी के शक में घर में घूसने का आरोप लगाकर उसे पकड़ लिया। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरा- कोटिया का यह VIDEO बीते 27 सितंबर की दोपहर का है, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें युवक को बंधक बनाकर ग्रामीणों ने घेर लिया है और लाठी-डंडे से उसकी पिटाई की जा रही है। यही नहीं ग्रामीण लात-घूंसे भी चला रहे हैं। वहीं, युवक अपने आप को बेकसूर बताकर हाथ जोड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि जिस युवक की पिटाई हो रही है उसका नाम अंकित यादव है और वह पड़ोस के ही गांव बोड़सरा का रहने वाला है। वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था। तभी गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी।

वहीं मारपीट से घायल युवक ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने परिचित की लड़की से मिलने गया था, जिस पर कुछ लोगों ने पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान वह हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा। लेकिन, किसी ने उसकी एक नहीं सुनी। इस मामले में बिल्हा TI अंजना केरकेट्‌टा का कहना है कि वायरल VIDEO की जांच चल रही है। युवक ने पहले कोई शिकायत नहीं की थी। उससे शिकायत लेकर आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद पुलिस हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

 

Related Articles

Back to top button