
भिलाई स्टील प्लांट में फिर बड़ा हादसा:क्रेन के हुक की चपेट में आने से ठेका मजदूर की कमर टूटी, सेक्टर 9 अस्पताल के ICU में भर्ती
By Dinesh chourasiya







बीएसपी से मिली जानकारी के मुताबिक दुर्घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) के फिनिशिंग एरिया में हुआ। यहां काम के दौरान ठेका कंपनी हितेश भाई पटेल का मजदूर बाबूलाल क्रेन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि स्क्रैप बकेट को क्रेन से फंसाते समय दुर्घटना हुई। इससे मजदूर के सीने और कमर में चोट लगी। दाहिने तरफ टक्कर लगने से वह वहीं गिर पड़ा। अंदरुरी चोट की वजह से वह बेहोश हो गया था।
इसके बाद तत्काल इसकी सूचना बीएसपी के उच्चाधिकारियों को दी गई। एम्बुलेंस को बुलाया गया और उससे मजदूर को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सेक्टर 9 हॉस्पिटल भेज दिया गया। जख्मी मजदूर का इलाज आईसीयू में चल रहा है। इधर यूआरएम डिपार्टमेंट के जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी मामले में लीपापोती करने में जुटे हुए हैं।
ए शिफ्ट में कार्य के दौरान हादसा




यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) के फिशिंग एरिया में यह हादसा हुआ है। घायल ठेका मजदूर लोधी पारा न्यू खुर्सीपार भिलाई का रहने वाला है। वो ए शिफ्ट में ड्यूटी पर गया था। अकुशल मजदूर होने के बाद भी बीएसपी के द्वारा उससे गंभीर किस्म का जोखिम भरा काम लिया जा रहा था। जबकि ऐसे कार्य केवल बीएसपी के प्रशिक्षित मजदूरों को ही करना है।




