भिलाई में लड़कियों को कराटे सीखा असामाजिक तत्वों एवं गुंडों से बचने के तरीके बताए
By Dinesh chourasiya

भिलाई| देवांगन जन कल्याण समिति भिलाई द्वारा संचालित परमेश्वरी भवन प्रगति नगर रिसाली में अभिषेक मार्शल आर्ट एवं स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों का बेल्ट अपग्रेडेशन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कराटे के सभी 73 उत्तीर्ण खिलाड़ियों को अपग्रेडेड कलर बेल्ट एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। घनश्याम कुमार देवांगन ने कहा कि मार्शल आर्ट आत्मरक्षा के साथ ही जीवन को अनुशासित बनाने की बेहतरीन कला है।
उन्होंने कहा कि मार्शल आर्ट हर वर्ग के लोगों के लिए बहुत ही उपयोगी है। समारोह को विशिष्ट अतिथि मेघनाथ यादव, जीवन सिन्हा एवं अमलेंदु तालुकदार ने भी संबोधित किया। कल्पगौरव कंस्ट्रक्शन समूह के डायरेक्टर एएन सिंह ने कराटे खिलाड़ियों के प्रेक्टिस के लिए 40 हजार का कराटे मैट प्रदान करने की घोषणा की। समारोह में बालिकाओं द्वारा कराटे सीखकर बलात्कारियों एवं गुंडों से बचाव का प्रदर्शन किया गया। बालक एवं बालिकाओं ने अनेक प्रकार के टावर फार्मेशन एवं कराटे के दांव पेंचों का आकर्षक प्रदर्शन किया। सम्मान समारोह में विजेता खिलाड़ियों के साथ ही उनके अभिभावक एवं रिश्तेदार बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रशिक्षक अभिषेक कुमार, देवांगन जन कल्याण समिति भिलाई के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन, सर्व समाज संगठन के अध्यक्ष मेघनाथ यादव, कोषाध्यक्ष जीवन सिन्हा एवं कराटे के ब्लैक बेल्ट वरिष्ठ प्रशिक्षक अमलेंदु तालुकदार थे।











