
दुर्ग नगर निगम ने तीसरे दिन भी चलाया बुलडोजर:बेजाकब्जा तोड़कर किया गया रास्तों को चौड़ा, बड़ी संख्या में अस्थाई दुकाने तोड़ी गईं
By Dinesh chourasiya
सत्ता परिवर्तन के बाद से लगातार दुर्ग नगर निगम में बुलडोजर चल रहा है। शुक्रवार को भी यहां अवैध बेजा कब्जा हटाने को लेकर अभियान चलाया गया। इस दौरान बुलडोजर के साथ पहुंची जिला प्रशासन की टीम ने सड़क किनारे तक बने चबूतरे और सीढ़ियों को तोड़ने के साथ संस्थानों के बोर्ड को उखाड़ फेंका।
दुर्ग कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने शहर से अतिक्रमण हटाने को लेकर जिले के सभी नगरीय निकाय के अधिकारियों की बैठक ली थी। इस दौरान उन्होंने अवैध कब्जा के खिलाफ कार्रवाही के निर्देश दिये थे। उसके बाद बुधवार से लगातार निगम प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर अतिक्रमण पर कार्वराई कर रही है। अभियान के तीसरे दिन शुक्रवार को डाटा सेंटर के पास बने चबूतरे को तोड़फोड़ कर ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही सड़क किनारे लगे ठेला,साइन बोर्ड, पोस्टर व अन्य चीजों को जब्त किया गया।







नगर निगम प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई लगातार चलेगी। निगम के अधिकारी इसकी मानिटरिंग के साथ साथ मुनादी के जरिए कब्जाधारियों को सूचित भी कर रहे हैं। शुक्रवार को डाटा सेंटर से लेकर पटेल चौक तक तहसील कार्यलय क्षेत्र, पुराना कोतवाली थाना के पीछे अवैध रूप से लगाई गई 32 से अधिक कब्जा को निगम ने हटाने की कार्रवाई की।
इस दौरान सीएसपी दुर्ग मणि शंकर चंद्रा व उनकी टीम के साथ अतिक्रमण अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, बाजार अधिकारी जावेद अली, सहायक बाजार अधिकारी थानसिंह यादव, राजू बक्शी, ईश्वर वर्मा व शशिकांत यादवआदि मौजूद रहे।
मौके पर मौजूद रहा पुलिस प्रशासन




इस दौरान मौके पर किसी भी तरह का विरोध न होने पाए इसको देखते हुए एसपी दुर्ग ने पुलिस की टीम को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए थे। पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम ने मजबूती के साथ अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
सड़क तक बनी अस्थाई दुकानों को तोड़ा
निगम की टीम ने पाया कि बड़ी संख्या में लोग बॉस बल्ली से तंबू तानकर अस्थाई दुकान सड़क तक लगाकर रखे हैं। कई लोग टीन सेट बनाकर दुकान बना लिए हैं। इन सभी को बुलडोजर से तोड़कर हटाया गया। इस दौरान निगम के अधिकारियों ने लोगों को निर्देश दिया कि यदि वो फिर से कब्जा करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







