छत्तीसगढ़

भिलाई में थाने में घुसकर कांग्रेस कार्यकर्ता की पिटाई:कांग्रेस पार्षद, बेटे और साथियों ने मिलकर सिख युवक को पीटा, FIR दर्ज

By Dinesh chourasiya

भिलाई के थाने में घुसकर मारपीट करते कांग्रेस पार्षद और उसका बेटा। - Dainik Bhaskar

 भिलाई में रविवार को कांग्रेस पार्षद अभय सोनी और उसके बेटे अमन ने सिख समाज के सतपाल सिंह की पिटाई की है। जब पीड़ित शिकायत करने भिलाई नगर थाने पहुंचा, तो फिर पार्षद के बेटे ने साथियों के साथ मिलकर थाने में ही पुलिस के सामने मारपीट की। घटना के बाद सिख समाज में काफी आक्रोश है।

कांग्रेस कार्यकर्ता व पीड़ित सतपाल सिंह (39 वर्ष) ने बताया कि कांग्रेस को समर्थन देकर कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने की अपील कर रहे थे। यह बात कांग्रेस पार्षद और उनके बेटे अमन को नागवार गुजरी। इसी नाराजगी के चलते पहले मुझे सेक्टर 9 चौक पर बुलाया, जहां जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों ने पहले गाली-गलौज की।

घटना के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती सतपाल सिंह।

थाने में घुसकर मारपीट

फिर 20-25 लोगों के साथ मिलकर हमला कर दिया। जैसे-तैसे जान बचाकर कोतवाली थाने पहुंचा, जहां रिपोर्ट लिखवाने के दौरान पार्षद अपने बेटे और साथियों के साथ फिर थाने में घुस गया। पुलिसकर्मियों के सामने ही उसके साथ मारपीट की। इतनी ही नहीं उसकी पगड़ी भी खोल दी गई। जिससे धार्मिक भावना आहत हुई।

घटना की वीडियो भी आया सामने

इस घटना की वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पिता-पुत्र थाने में घुसकर गाली-गलौज और हाथापाई करने नजर आ रहे हैं। हालांकि पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते दिख रहे हैं, लेकिन इस तरह खुलेआम पुलिस के सामने ही गुंडागर्दी करने से उस वक्त तनाव का माहौल बन गया था।

मामले में FIR दर्ज

इस मामले में एएसपी शहर अभिषेक झा ने बताया कि शिकायत के बाद आरोपी सेक्टर-10 भिलाई के कांग्रेस पार्षद अभय सोनी, बेटे अमन सोनी और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button