
हमारी सरकार बनी तो धान का बोनस 3 हजार देंगे:राजनांदगांव में बोले राहुल गांधी; कहा- हमने जो वादा किया वो पूरा किया
By Dinesh chourasiya

राहुल गांधी के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे का रविवार को दूसरा दिन है। राजनांदगांव के स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित आम सभा में वो शामिल हुए हैं। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पांच साल पहले ऐसी ही मीटिंग में भूपेश बघेल और मैंने छत्तीसगढ़ की जनता से 3-4 वादे किए थे। हमने किसानों का कर्जा माफ करने का वादा किया था।
हमने ये भी कहा था कि धान के लिए छत्तीसगढ़ के किसानों को 2500 रुपए देंगे। राहुल ने लोगों से पूछा कि बताइए हमने सच बोला या झूठ। उन्होंने कहा कि जो हमने कहा वो करके दिखाया। हमने 2500 का वादा किया था कि लेकिन अब हम 2640 रुपए दे रहे हैं। आने वाले समय में हम 3 हजार रुपए देंगे।







राहुल गांधी के भाषण की खास बातें
. पिछली बार भी हमने किसानों का कर्जा माफ किया था, इस बार भी करेंगे।
. किसान कहते हैं अब हमें जमीन बेचने की जरूरत नहीं क्योंकि अब हम पर कर्ज नहीं है।




. हम चाहते हैं कि किसान, गरीब और व्यापारी सब मजबूत हों।
. एक सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, व्यापारियों के लिए काम करती है।
. दूसरे तरीके की सरकार अरबपतियों के लिए काम करती है।
. मोदी सरकार ने अडानी का 14 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया।
. बीजेपी शासित किसी भी राज्य में किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ है।
. बीजेपी ने अरबपतियों के फायदे के लिए कानून बनाए।
. बीजेपी किसानों की जेब से पैसा छीनने के लिए कानून लाई थी।
. बीजेपी नेता जहां भी जाते हैं वो गरीबों से छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी पढ़ने से मना करते हैं।
. हम कहते हैं हिंदी भी छत्तीसगढ़ी भी और अंग्रेजी भी जरूरी है।
डबल इंजन की सरकार ने धान का बोनस देना बंद किया- बघेल
इससे पहले सीएम भूपेश बघेल ने संबोधित किया। उन्होंने बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने धान का बोनस देना बंद किया। 15 क्विंटल की जगह क्विंटल कर दिया। राशन 35 किलो की जगह 7 किलो कर दिया।
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अगर कांग्रेस की सरकार फिर बनी तो हम दो साल का बोनस भी देंगे। बस केंद्र सरकार प्रतिबंध हटा दे। हम कर्ज माफी फिर करेंगे। लेकिन बीजेपी के नेताओं के पेट में दर्द होता है।
राजनांदगांव सीट से कांग्रेस ने गिरीश देवांगन को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा जिले में 4 विधानसभा सीट है। वहीं कवर्धा जिले में 2 विधानसभा सीट है। दौरे के पहले दिन राहुल गांधी ने 2 बड़ी घोषणाएं की है। राजनांदगांव विधानसभा की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह का निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण हाई प्रोफाइल सीट में गिनती होती है।
शनिवार को की 2 सभाएं
दौरे के पहले दिन शनिवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बस्तर में दो बड़ी रैलियां कीं। राहुल ने सबसे पहले उत्तर बस्तर की भानुप्रतापपुर सीट और फिर कोंडागांव के फरसगांव में आमसभा को संबोधित किया। राहुल ने कहा- कांग्रेस गरीबों के लिए काम करती है, लेकिन बीजेपी गरीबों का पैसा अडाणी को दो रही है। भाजपा के नेता नहीं चाहते कि गरीब का बेटा अंग्रेजी बोले।
भानुप्रतापपुर में की 2 बड़ी घोषणा
राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए 2 बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि, हम आपके लिए KG TO PG नाम से बड़ा कदम उठा रहे हैं। सरकारी स्कूल-कॉलेज में PG तक मुफ्त शिक्षा मिलेगी। किसी तरह का एडमिशन या ट्यूशन शुल्क भी नहीं देना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता तोड़ने वालों के लिए हम बड़ा वादा कर रहे हैं। हर साल उन परिवारों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 4 हजार रुपए देंगे।
केंद्र के कानून से किसानों को नुकसान, उद्योगपतियों को फायदा
राहुल गांधी ने सभा में फिर केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मनरेगा को हम लेकर आए तो बीजेपी ने इसे बेकार बताया। हमने मजदूरों का सम्मान किया, क्योंकि हम जानते हैं, जब तक गरीबों की मदद नहीं करेंगे देश मजबूती से खड़ा नहीं हो सकता। केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों के खिलाफ कानून बनाकर उन्हें नुकसान पहुंचाया और अडाणी को लाभ पहुंचाया। मोदी सरकार के नोटबंदी, जीएसटी के फैसले से सिर्फ अडाणी को फायदा हुआ। आम आदमी को सिर्फ परेशानी और तकलीफ के कुछ नहीं मिला।
राहुल के दौरे से जुड़ी और खबर
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 6 चुनावी वादे:केजी से पीजी तक पढ़ाई फ्री, जातिगत जनगणना; राहुल बोले- BJP नहीं चाहती गरीब का बेटा अंग्रेजी बोले

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 6 चुनावी वादे किए हैं। पार्टी का कहना है कि राज्य में दोबारा सरकार बनते ही सरकारी स्कूलों में केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई मुफ्त कर दी जाएगी। इससे सभी वर्ग के छात्रों को फायदा मिलेगा। कांग्रेस ने कहा कि सरकार बनते ही जातिगत जनगणना शुरू कर दी जाएगी। साथ ही तेंदूपत्ता का सालाना बोनस 4 हजार रुपए कर दिया जाएगा।






