
रायपुर में 2 परिवार में खूनी संघर्ष, महिला का मुंह लहूलुहान:जमीन विवाद में भिड़े दोनों पक्ष, युवती के कपड़े फटे; पुलिस के सामने ही बवाल
By Dinesh chourasiya
राजधानी रायपुर के गोल बाजार इलाके में दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान वहां परिवार की युवतियां और महिलाएं भी थीं, उन पर भी पहले पत्थर से वार किया गया जिसमें उनका मुंह लहूलुहान हो गया इसके बाद कपड़े भी फाड़ दिए गए। भारी हंगामे और मारपीट के बाद दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंचे
ये पूरा मामला परिवार की आपसी प्रॉपर्टी के विवाद के चलते हुआ है। दोनों ही पक्ष आपस में रिश्तेदार के साथ पड़ोसी भी हैं। जिसमें एक तरफ करीब 7 लोग थे तो वहीं दूसरे तरफ करीब 4 लोग शामिल थे। मारपीट और बवाल का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से FIR दर्ज कर ली है।







पुराने प्रॉपर्टी विवाद को लेकर मारपीट
गोलबाजार इलाके के रहमानिया चौक में महिला शहनाज खान और शेख सलीम का परिवार रहता है। शहनाज के पिता, सलीम के मामा लगते हैं। इन दोनों परिवारों के बीच डेढ़-दो सालों से प्रॉपर्टी का विवाद चल रहा है। इनमें से शहनाज का बुटीक का काम है तो वहीं सलीम की प्लास्टिक सामान की दुकान गोलबाजार में है।
6 अक्टूबर की रात साढ़े 12 बजे के करीब सलीम समेत कुछ लोग शहनाज घर के नीचे खड़े हुए थे। तभी शहनाज ने नीचे उतरकर उनसे घर के सामने खड़े होने की वजह पूछी जिसके बाद बहसबाजी हो गई। इसके बाद पुरानी रंजिश के चलते मामला और बिगड़ गया और युवकों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।





युवती के कपड़े फाड़े, मुंह पर पत्थर मारा, लहूलुहान
इस मारपीट के दौरान वहां मौजूद युवकों ने शहनाज के चेहरे पर पत्थर से हमला कर दिया। जिससे वो बुरी तरह लहूलुहान हो गई। उसके नाक और मुंह से खून बह रहा था। इस झड़प में युवती के कपड़े भी फट गए।

वीडियो आया सामने
इस खूनी संघर्ष का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें मौके पर पुलिस भी नजर आ रही है। शुरुआत में पुलिस के कांस्टेबलों ने झगड़े को छुड़वाने की कोशिश की लेकिन वे इन्हें रोक नहीं सके। वीडियो में दिख रहे युवक लगातार गाड़ियों और सामानों में तोड़फोड़ करते रहे।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई है FIR
इस मामले में शेख सलीम की तरफ से भी गोल बाजार थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिसमें आरोप है कि मारपीट की शुरुआत शहनाज के भाई आरिफ खान ने की। उसने पहले गाली-गलौज कर हमला किया।
मामलें की जांच जारी
इस मामले में गोल बाजार थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने कहा कि पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर बल भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की गई है। मामले में जांच जारी है।







