
भिलाई में डबरापारा में डायरिया के 3 नए केस मिले:टाउनशिप में डेंगू का लार्वा मिलने पर 6 लोगों पर 5 हजार रुपए जुर्माना, नियमित दवा छिड़काव के निर्देश
By Dinesh chourasiya
- भिलाई-चरोदा निगम क्षेत्र के डबरा पारा में फैला डायरिया तीसरे दिन भी पूरी तरह कंट्रोल में नहीं आया है। 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला सहित दो अन्य लोग उल्टी-दस्त से परेशान होकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। आन ड्यूटी डॉक्टर ने बुजुर्ग महिला को भर्ती करने कहा लेकिन परिजन जिला अस्पताल ले जाना बोल दवा लेकर घर लौट गए।
शेष दो मरीजों को अस्पताल से मिली दवा से आराम हो गया। इस तरह तीन दिन में यहां मिले कुल डायरिया मरीजों की संख्या 13 हो गई। इधर टाउनशिप के सेक्टर-2 और सेक्टर-4 में डेंगू की रोकथाम को लेकर अभियान जारी है। बुधवार को 6 लोगों के घरों में डेंगू का लार्वा मिला। इस पर निगम और बीएसपी की संयुक्त टीम ने उक्त लोगों से 5 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने हिदायत दी।
डेंगू का लार्वा समाप्त करने घर-घर जांच







भिलाई निगम और बीएसपी की संयुक्त टीम ने बुधवार को सेक्टर 1 एवं 2 के विभिन्न घरों की जांच की। जांच के दौरान जमा पानी में डेंगू का लार्वा पाए जाने पर पी.वेंकट, राकेश कुमार, समीर खान, एसपी मिश्रा, पीआर राव और भरत बंजारे से कुल 5000 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके पूर्व महापौर नीरज पाल, कलेक्टर पुष्पेन्द्र मीणा, आयुक्त रोहित व्यास ने सेक्टर 2 ने डेंगू नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी ली। कलेक्टर ने टेमिफास के घोल का वितरण कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही क्वाकोथरिन का धुआं सुबह 5 से 7 बजे और शाम को 6 से 8 बजे के बीच छोड़ने कहा है। इधर डेंगू के भर्ती मरीजों से बीजेपी अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, सुरेंद्र कौशिक आदि मौजूद थे।








