
IND vs NZ: बारिश की भेंट चढ़ा भारत-न्यूजीलैंड का मुकाबला, टॉस तक नहीं हो पाया
वेलिंग्टन : भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 शुक्रवार को भारी बारिश के कारण बिना गेंद फेंके रद्द हो गया। आधिकारिक बयान की घोषणा हो चुकी है। बारिश नहीं रूकी और इस मैच को रद्द घोषित कर दिया गया है। यहां तक की भारी बारिश के चलते टॉस तक नहीं हो पाया। तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मैच रविवार को माउंट मौंगानुई में खेला जाएगा। दोनों टीमों को हाल में टी20 विश्व के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद उनके बीच यह पहला मैच था। दोनों टीमों के बीच तीन-तीन मैचों की टी20 और वनडे सीरीज खेली जानी है। टी20 टीम की कमान हार्दिक पांड्या संभाल रहे हैं जबकि वनडे फॉर्मेट में यह जिम्मेदारी शिखर धवन निभाएंगे।
पहला मैच रद्द होने के बावजूद दोनों टीमों की मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं। दरअसल बे ओवल में होने वाले दूसरे मैच में भी अच्छी बारिश की उम्मीद है। रविवार को होने वाले मैच में बारिश एक बार फिर मजा किरकिरा करने आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसान रविवार को बे ओवल में भी अच्छी बारिश की उम्मीद है। जिस तरह वेलिंग्टन में बादल घिरे रहे और मैच शुरू होने से पहले ही बारिश आ गई कुछ वैसा ही नजारा बे ओवल में भी देखने को मिल सकता है।















