दुर्ग के शराब भट्टी से एक्टिवा चोरी किया आरोपी तालाब के पास छिपाया , पुलिस ने 5 दिन में चोर को दबोचा
By Dinesh chourasiya

दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में देसी शराब भट्टी के बाहर से एक्टिवा चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
यह घटना 17 फरवरी 2026 की है। मीनाक्षी नगर निवासी 32 वर्षीय सोनू श्रीवास ने पुलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 4 से 4:30 बजे के बीच उन्होंने अपनी एक्टिवा क्रमांक CG 07 BQ 0204 पुलगांव स्थित देसी शराब भट्टी गेट के पास खड़ी की थी और शराब लेने गए थे।







कुछ ही मिनटों बाद जब वह वापस लौटे, तो उनकी गाड़ी वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। थाना पुलगांव की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों पर निगरानी बढ़ा दी।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के इलाकों में पूछताछ की, संभावित आरोपियों की गतिविधियों की जांच की और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की एक्टिवा के साथ देखा गया है।




पुलगांव तालाब के पास छिपाकर रखा था स्कूटी
इस सूचना के आधार पर, पुलिस ने पुलगांव चौक से पोटिया कला शीतला मंदिर के पास निवासी देवनाथ निषाद उर्फ बबला (36) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी के बाद उसने एक्टिवा को गौठान पारा पुलगांव तालाब के पास छिपाकर रखा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में चोरी गई एक्टिवा क्रमांक CG 07 BQ 0204 को बरामद कर जब्त कर लिया।
त्वरित कार्रवाई से पुलिस को मिली सफलता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलते ही टीम ने सक्रियता दिखाई और कुछ ही दिनों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।




