
Bhilai इस्पात नगरी के 25 से अधिक प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों में 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके लिए केबल बिछाने का काम शुरू हो गया है। अक्टूबर से इन स्थानों में होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर सेक्टर 6 पुलिस कंट्रोल रूम के कमांड सेंटर से नजर रखी जाएगी। जिसमें आपराधिक और ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी।
इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जाने के बाद ट्रैफिक विभाग ने सर्वे है। पांच जोन बनाकर कैमरे लगाने का कार्य किया जाना है।







गलत पार्किंग वालों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई : सीसीटीवी की यह विशेषता है कि वह दूर से ही वाहनों के नंबर प्लेटों की तस्वीर खींच सकेगा। इससे उन वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने में मदद मिलेगी जिन्होंने गलत ढंग से वाहन पार्किंग कर रखी है। कंट्रोल रूम से वाहन के मालिक का पता कर उन्हें तत्काल पार्किंग के लिए कहा जाएगा।
“भिलाई के प्रमुख मार्केट और भीड़भाड़ वाले इलाके में सीसीटीवी लगाने के लिए केबल लिंक करने का काम शुरू हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग में पूर्व में लगे कैमरे जिनके फ्लाई ओवर बनने के बाद अनुपयोगी होने से निकाल लिए गए थे, उन्हें जगह की पहचान कर दोबारा लगाया जाएगा।”
-सतीश ठाकुर, डीएसपी ट्रैफिक




इन स्थानों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
जोन एक में सुपेला मार्केट, नेहरू नगर, प्रियदर्शिनी परिसर, जोन दो में गोल मार्केट, गुरुनानक मार्केट, जोन 3 में पावर हाउस. जोन 4 में सुभाष मार्केट, मटन मार्केट, बस स्टैंड, जोन पांच में सेक्टर 1 से सेक्टर 10, हुडको मार्केट शामिल हैं। टेंडर अवार्ड होने के बाद काम शुरू हो चुका है।







