
शहर के अंतिम वार्ड हुडको में सफाई व्यवस्था का निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने लिया जायजा, सरोवर का भी किया निरीक्षण
भिलाई नगर/ निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर अल सुबह हुडको क्षेत्र के निरीक्षण के लिए पहुंचे। शहर के अंतिम वार्ड क्रमांक 70 हुडको में उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सरोवर का भी निरीक्षण निगमायुक्त ने किया। इस दौरान एमआईसी सदस्य व राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी, जोन आयुक्त एन आर रत्नेश, प्रभारी कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीके सैमुअल आदि मौजूद रहे। हुडको में निगमायुक्त ने सीवरेज लाइन की भी जानकारी ली, सीवरेज के पानी को सक करने के बारे में उन्होंने अधिकारियों से पूछा।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर सफाई व्यवस्था का जायजा अधिकारियों के साथ लिया। जलभराव की स्थिति का मुआयना कमिश्नर ने किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहें। गली, मोहल्लों के साथ ही प्रमुख सड़कों से कचरा प्रतिदिन उठाना सुनिश्चित करें। इस दौरान निगमायुक्त ने पब्लिक से भी फीडबैक लिया। स्थानीय रहवासियों ने समस्याओं से निगमायुक्त को अवगत कराया। बीएसपी क्षेत्र के इलाकों में बीएसपी प्रबंधन से समन्वय बनाकर कार्य करने की उन्होंने निर्देश दिए।







उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था बनाए रखना सबकी नैतिक जिम्मेदारी है, सभी को साथ मिलकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करने की आवश्यकता है। कचरे को इधर-उधर न फेंककर निर्धारित डस्टबिन में ही डालकर सफाई कर्मचारियों को देने की अपील उन्होंने की है। वही कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना की कार्रवाई के निर्देश भी उन्होंने दिए हैं। पूरे तालाब परिसर का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिए है।





