Uncategorized

CG में अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत:महासमुंद में परिजनों का हंगामा, बोले- डॉक्टर्स और प्रबंधन ने गुमराह किया, कहते रहे जिंदा है

By Dinesh chourasiya

 

छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर्स की लापरवाही को लेकर अस्पताल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। परिजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर कार्रवाई की मांग की। पूरा मामला सरायपाली थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झिलमिला वार्ड नंबर 9 निवासी दिनेश प्रधान अपनी पत्नी रिंकी प्रधान (25) को 28 अप्रैल 2024 को डिलीवरी के लिए भारती हॉस्पिटल ले गए। जहां सिजेरियन डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे। बच्चा अभी स्वस्थ है, जिसे SDM ओमकारेश्वर सिंह के निर्देश पर शुभा नर्सिंग होम में रखा गया है।

पत्नी की मौत होने की बात प्रबंधन ने छिपाई

मृतिका के पति ने बताया कि महिला की मौत सोमवार की रात 9 से 12 बजे के बीच हुई है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उसकी पत्नी की मौत होने की बात छुपाई। गुमराह करते रहे और हाल-चाल पूछना चाहे तो उन्हें डॉक्टर और स्टाफ गोल-मोल जवाब देते रहे।

रात में ही हो चुकी थी पत्नी की मौत

वहीं ICU में भर्ती पत्नी के पास स्टाफ का आना जाना भी कम हो गया, जिसके बाद पति दिनेश ने अस्पताल में लगे CCTV कैमरे का फुटेज देखा, तब जाकर यह मामला उजागर हुआ कि उसकी पत्नी की मौत रात में ही हो चुकी है। अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ महिला की स्थिति को नाजुक बताते हुए रायपुर रेफर करने पर जोर देते रहे।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा

मौत की रिपोर्ट भी देने में टाल मटोल

पति ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने मौत की रिपोर्ट भी देने में टाल मटोल करता रहा। मृतिका के पति दिनेश ने सरायपाली थाने में मामले की जानकारी दी, जिसके बाद सरायपाली पुलिस पूरे दल बल के साथ अस्पताल पहुंची, तब जाकर मामला शांत हुआ। वहीं प्रशासन ने पंचनामा के साथ मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाई है।

ब्लीडिंग डिसऑर्डर के कारण महिला की मौत

सरायपाली तहसीलदार जुगल किशोर पटेल का कहना है कि महिला की मौत की खबर रात में मिली है, लेकिन पोस्टमॉर्मटम रिपोर्ट के बाद ही कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ेंगे। फिलहाल परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. कुदेशिया का कहना है कि, ब्लीडिंग डिसऑर्डर के कारण महिला की मौत हुई है।

Related Articles

Back to top button