
BHILAI आवासों का आवंटन:पीएम आवास के लिए 11 तक जमा करें अंशदान, 13 को निकलेगी लाटरी
By Dinesh chourasiya
- रिसाली निगम क्षेत्र में बने 36 में से 15 आवासों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी
भिलाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों का आवंटन किया जाएगा। केनाल रोड और आसपास के क्षेत्रों के प्रभावितों को आवास दिया जाएगा। इसके अलावा लंबे समय से किराए में रहने वाले किराएदार भी आवास ले सकते हैं। इसके लिए 11 जुलाई तक अंशदान जमा किया जाना आवश्यक किया गया है। इसके बाद 13 जुलाई को आवास आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। निगम कार्यालय में सुबह साढ़े 10 बजे लाटरी निकाली जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि पात्र आवेदक को 11 जुलाई तक मकान के अंशदान की राशि जमा करनी होगी। तभी वे लॉटरी में शामिल हो पाएंगे। लॉटरी में शामिल होने के लिए हितग्राही को अपना अंशदान जमा की जाने वाली रसीद की मूल प्रति, मूल आधार कार्ड, आवेदन पत्र की पावती बहुत जरूरी है। लॉटरी में शामिल होने के लिए निगम से मिली जारी सूचना पत्र के साथ निगम में खुद हितग्राही को उपस्थित होना होगा। दिव्यांग जन एवं वरिष्ठ नागरिक हो तो इससे संबंधित प्रमाण पत्र की मूल प्रति आवास शाखा कक्ष क्रमांक 16 में पुष्टि हेतु 11 जुलाई तक प्रस्तुत करना आवश्यक है। आवासों के लिए कार्यालयीन समय पर आवेदन किया जा सकता है। 15 लोगों को मिला आवास, बेटे से निकलवाई लॉटरी रिसाली निगम के लक्ष्मीनगर में बने प्रधानमंत्री आवास का आवंटन लाटरी से किया गया। एक हितग्राही ने अपने तीन साल के मासूम बेटे से लाटरी पर्ची निकलवाई। उसे भूतल में आवास मिला। महापौर शशि सिन्हा की अध्यक्षता में 15 हितग्राहियों को आवास आवंटन किया गया। मोर मकान मोर आस घटक के तहत लक्ष्मीनगर में बने आवास का आवंटन किया गया। कम आवेदन की वजह से 36 आवास में केवल 15 का आवंटन किया जा सका। आगामी दिनों में अन्य आवास आवंटित होंगे।













