
देश-विदेश
कोर्ट ने पत्नी को भरण पोषण राशि देने का दिया आदेश तो 7 बोरों में सिक्के भरकर पहुंच गया पति
राजस्थान। जयपुर के पारिवारिक न्यायालय की लिंक एडीजे कोर्ट में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कोर्ट ने दहेज प्रताड़ना के केस में आरोपी पति को जेल भेजने और पत्नी की बकाया भरण पोषण राशि (55 हजार रुपये) देने का आदेश दिया। इस पर आरोपी के परिजन भरण पोषण राशि लेकर पहुंचे जिसे देखकर सबका माथा चकरा गया। क्योंकि पति ने पारिवारिक विवाद के बकाया भरण-पोषण की 55 हजार रुपये की राशि सिक्कों के रूप में कट्टों में भरकर जमा कराई।
पति ने 55 हजार रुपये सिक्कों में जमा करवाए और इन सिक्कों का वजन करीब 280 किलो था। इसलिए उन्हें कट्टों में भरकर कोर्ट में लाया गया। कट्टों से जब सिक्कों की खनखनाहट सुनाई दी तो हर कोई चौंक गया। सभी कट्टे 1, 2, 5 और 10 रुपये के सिक्कों से भरे थे। इसके बाद कोर्ट ने सिक्कों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।













