Uncategorized

CG में ट्रेलर के कुचलने से 2 पुलिसकर्मी की मौत, 

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में बुधवार को ट्रेलर और बाइक की टक्कर हो गई। ट्रेलर का पिछला पहिया बाइक सवार 2 कॉन्स्टेबल के ऊपर चढ़ गया। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना हथबंद थाना क्षेत्र की है।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक दोनों कॉन्स्टेबल ड्यूटी पर एक ही बाइक से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इस दौरान उडेला-पौसरी रोड पर उनकी बाइक और ट्रेलर की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र यादव (क्रमांक 377) और कॉन्स्टेबल प्रशांतधर दीवान (क्रमांक 809) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

दरअसल, बेमेतरा के ग्राम परसबोड़ के रहने वाले कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र यादव (35) साइबर सेल में पदस्थ थे। जबकि प्रशांतधर दीवान (35) हथबंद थाने में पदस्थ थे और बेमेतरा के नवागढ़ के रहने वाले थे। बुधवार सुबह करीब 11 बजे दोनों ड्यूटी पर एक ही बाइक से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर के अचानक टर्न लेने पर बाइक की भिड़ंत हो गई। बाइक की भिड़ंत होते ही दोनों आरक्षक ट्रेलर के पिछले पहिए के नीचे आ गए। ट्रेलर दोनों कॉन्स्टेबल पर चढ़ते हुए आगे बढ़ गया और बाइक भी डैमेज हो गई।

कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र यादव की फाइल फोटो।

एक ने मौके पर तोड़ा दम, तो दूसरे की रास्ते में गई जान

हादसे में कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रशांतधर दीवान गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल कॉन्स्टेबल प्रशांतधर को पास के अस्पताल में भर्ती किया।

प्राथमिक इलाज के बाद घायल को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। एंबुलेंस से रायपुर ले जाते समय धरसींवा के पास प्रशांतधर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

कॉन्स्टेबल प्रशांतधर दीवान हथबंद थाने में पदस्थ थे। (फाइल फोटो)

आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने आरोपी ड्राइवर कुंजबिहारी को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रेलर को भी जब्त कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

DSP बोले- जांच से जुड़े काम के सिलसिले में गए थे

डीएसपी प्रेम लाल साहू ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों कर्मचारी घटना के समय ड्यूटी पर थे और जांच से जुड़े काम के सिलसिले में गए थे।

Related Articles

Back to top button