
करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत
सूरजपुर। जिले के जगतपुर गांव में आज एक दिल दहलाने वाली घटना देखने को मिली, जहां लापरवाही की वजह से पति और पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के लगभग 4 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला।
दरअसल यह पूरा मामला रामानुज नगर थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव का है, जहां कल मंगलवार देर शाम चैन साय और उसकी पत्नी संगीता अपने खेत पर गए हुए थे। खेत में उनके द्वारा जानवरों से फसल को बचाने के लिए बिजली का तार लगाया गया था, तभी अचानक वह दोनों बिजली के तार के चपेट में आ गए, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। सुबह इसकी जानकारी रामानुजनगर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में तकरीबन 4 घंटे लग गए।







फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंची शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि थाने से महज 8 किलोमीटर की दूरी पर हुई इस घटना में पुलिस को पहुंचने में 4 घंटे लग गए। ऐसे में यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि सुरजपुर की पुलिस अपने काम को लेकर कितनी संवेदनशील है।







