
युवक की हत्या कर दलदल में फेका शव, आधा दर्जन से अधिक आरोपी गिरफ्तार, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
रायपुर। राजधानी के डी डी नगर थाना क्षेत्र बीते दिनों एक युवक के लापता होने का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जानकारी के मुताबिक पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों युवक पर बैट से वार कर मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद सबूत छिपाने के लिए लाश को दलदल में फेंक दिया। घटना को अंजाम देने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।







एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि चार जुलाई को छगन लाल देवांगन निवासी चंगोराभाठा रायपुर ने डी.डी.नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसका लड़का थानेश्वर उर्फ थानू देवांगन (32) लापता हो गया है। पतासाजी के दौरान कुछ माध्यमों से पुलिस को थानेश्वर उर्फ थानू देवांगन की हत्या होने की सूचना मिल रही थी। जिस पर थानेश्वर उर्फ थानू देवांगन के साथियों व उससे परिचित अन्य लोगों से पूछताछ करते हुये प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पाया गया कि अज्ञात आरोपियों द्वारा थानेश्वर उर्फ थानू देवांगन की हत्या कर शव को छिपा दिया गया है।
एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करते हुये प्रकरण में 7 आरोपी कान्हा सोनकर, मोह. सद्दाम, लाला उर्फ श्रीचंद यदु, जितेन्द्र यदु, राजेन्द्र वर्मा, पंकज उर्फ प्रहलाद विश्वास एवं नितेश अवस्थी उर्फ अण्डा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश व उनके साथ हुये मारपीट को लेकर थानेश्वर उर्फ थानू देवांगन की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को विनायक सिटी के सामने गिट्टी खदान स्थित दलदल में फेंक दिये। घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।








