छत्तीसगढ़

भिलाई-3 में अर्बन रूरल पार्क बनेगा, बाजारों में सीसीटीवी कैमरे, चरोदा में चेक डेम बनेगा

By Dinesh chourasiya

भिलाई-3 में अर्बन रूरल पार्क बनेगा, बाजारों में सीसीटीवी कैमरे, चरोदा में चेक डेम बनेगा।

वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान भिलाई-चरोदा नगर निगम में अर्बन रूरल पार्क बनाया जाएगा। इससे स्व सहायता समूहों से बनाए जाने वाले उत्पादों का विपणन और वितरण किया जाएगा। यहां उनके उत्पादों की ब्रांडिंग भी की जाएगी, ताकि उसकी अपनी एक अलग पहचान हो सके। इससे स्टार्टअप करने वालों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें एक पायदान मिल सके। इंडस्ट्रीयल एरिया और ट्रांसपोर्ट नगर के कार्यों के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। जल स्तर को बचाए रखने के लिए चरोदा में चेक डेम बनाया जाएगा।

भिलाई-3 चरोदा नगर निगम का बजट 31 मार्च शुक्रवार को प्रस्तुत किया जाएगा। सुबह 11 बजे से होने वाली सामान्य सभा में महापौर निर्मल कोसरे नए वित्तीय वर्ष का आय और व्यय का पत्रक प्रस्तुत करेंगे। इसमें आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए बहुत सारी योजनाएं लाई जा रही हैं। इस बार का बजट 200 करोड़ रुपए से अधिक का होने का अनुमान है। बजट में इस बार सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत चरोदा और भिलाई-3 समेत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बाजारों और बड़े चौक-चौराहों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

40 पार्षदों में से सिर्फ 5 ने ही दिए सुझाव, जबकि प्रश्नकाल के लिए 1 घंटे का समय तय

भिलाई-3 चरोदा नगर निगम में 40 पार्षद हैं। इनमें से संतोषी निषाद, टेनेंद्र ठाकरे, तोषन वर्मा और तुलसी ध्रुव समेत 5 पार्षदों ने सुझाव दिए हैं। इसमें मुक्तिधाम का बाउंड्रीवाल बनाने, नाली निर्माण करने और सड़क डामरीकरण करने का है। इसमें से जनता की जरूरतों से संबंधित प्रस्तावों को बजट में शामिल किया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के 8 नागरिकों ने भी अपने वार्डों की समस्याओं के निराकरण और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा करने संबंधी सुझाव दिए हैं। महापौर के अनुमोदन से इसे भी बजट में रखा जा रहा है। जबकि प्रश्नकाल के लिए 1 घंटे का समय आरक्षित किया गया है।

तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए रखी गई अलग राशि
निगम के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण वार्ड सोमनी, गनियारी, मोरिद, सिरसा-कला, दादर आदि ग्रामीण वार्डों के मुक्तिधाम में शेड बनाए जाने का प्रावधान किया गया है। गिरते जल स्तर को देखते हुए चरोदा के नाले में चेक डेम बनाने साथ ही भिलाई-3 और चरोदा स्थित तालाबों का सौंदर्यीकरण, पचरी निर्माण करने के लिए राशि रखी गई है। कई तालाबों में आने वाले गंदे नालों के पानी को रोकने के लिए योजना बनाई गई है, ताकि तालाब के पानी का निस्तारी के लिए उपयोग किया जा सके।

स्कूलों के लिए फर्नीचर और नए कमरे भी बनेंगे
चरोदा और भिलाई-3 स्थित जनता स्कूल इन दिनों स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल बन गया है। इसकी वजह से इनके विकास और अधोसंरचना के लिए शासन से बड़ी राशि मिल रही है, लेकिन निगम के अंतर्गत 23 और स्कूल संचालित हो रहे हैं। इसमें सोमनी, गनियारी, मोरीद, चरोदा, भिलाई-3, जरवाय समेत अन्य स्कूल हैं। यहां भवनों और शौचालयों की जरूरत महसूस की जा रही है। इन स्कूलों में स्मार्ट टायलेट बनाए जाएंगे।

लोगों से मिले सुझावों को किया शामिल : कोसरे
महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि महापौर परिषद की बैठक के बाद लोगों से सुझाव मंगाए गए थे। इसमें आम नागरिकों समेत निगम के पार्षदों और जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे। सभी से मिले सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया है। फिर इन सुझावों को लोगों की सुविधा और निगम के आय के स्रोतों के आधार पर प्राथमिकता देते हुए बजट में शामिल किया गया है। हमारी कोशिश है कि कल जारी होने वाला बजट आम लोगों का बजट हो और उन्हें अधिक से अधिक सुविधा मिले।

Related Articles

Back to top button