छत्तीसगढ़

एसडीएम की ताबड़तोड़ कार्रवाई..श्री साईं हास्पिटल कराया बंद..औचक निरीक्षण में मिली अनेक खामियां

भिलाई नगर,। दुर्ग एसडीएम (आईएएस) लक्ष्मण तिवारी ने श्री साईं हास्पिटल का कल रात औचक निरीक्षण कर उसे बंद करने के निर्देश दिए हैं। यहां जारी अव्यवस्था के चलते सभी मरीजों को जिला अस्पताल शिफ्ट करने कहा गया है।

गौरतलब हो कि एसडीएम ने औचक निरीक्षण में पाया कि अस्पताल में इलाज करने वाले और कराने वाले दोनों का ही रिकार्ड नहीं रहता है। एसडीएम जब रविवार देर शाम श्री साईं हॉस्पिटल पहुंचे तो यहां उन्होंने कई बड़ी कमियां पाईं।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीज का ऑपरेशन बिना मरीज या परिजन से सहमति पत्र लिए ही कर दिया जाता है और मरीज से तय दर से 10 से 15 गुना अधिक चार्ज वसूल किया जा रहा है। जांच के दौरान जब एसडीएम ने मरीजों का रिकार्ड चेक किया तो चौकाने वाली सच्चाई पता चली कि अस्पताल में मरीजों का इलाज करने के बाद उसका रिकार्ड ही हटा दिया जाता है।

ऐसा करके हास्पिटल मैनेजमेंट टैक्स चोरी कर सरकार को नुकसान पहुंचा रहे है। मरीज का इलाज किस डॉक्टर ने किया और अस्पताल में किस रोग के कितने विशेषज्ञ डॉक्टर हैं, इसका भी कोई रिकार्ड यहां नहीं मिला। एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि या तो वो सभी दस्तावेज उन्हें चेक कराएं, नहीं तो मरीजों को जिला अस्पताल में शिफ्ट करके अपनी दुकान बंद कर दें। इस दौरान उनके साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद थी।

Related Articles

Back to top button