
सी-मार्ट को लेकर निगम आयुक्त रोहित व्यास ने ली बड़ी बैठक, जिले के विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख रहे मौजूद
भिलाई नगर/ नगर पालिक निगम भिलाई के सभागार में आज निगम आयुक्त रोहित व्यास ने सी-मार्ट को लेकर महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जिले के कई विभाग प्रमुख मौजूद रहे। मुख्य रूप से शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्योग विभाग, अक्षय पात्र, समाज कल्याण विभाग, ट्राइबल डिपार्टमेंट, होमगार्ड कमांडेंट, अवनी से आए हुए लोग सहित अन्य बैठक में उपस्थित रहे। सी-मार्ट में विक्रय के लिए तैयार सभी उत्पादों तथा स्व सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा बनाए गए उत्पादों को जो सी-मार्ट के माध्यम से विक्रय के लिए रखे गए है को बढ़ावा दिया जाएगा।
शासकीय विभागों में कई प्रकार के सामग्रियों की खरीदी की जाती है। इन सामग्रियों की खरीदी सी-मार्ट से करने पर चर्चा की गई। सी-मार्ट में जरूरत के मुताबिक सारे प्रोडक्ट मौजूद है, विभागों से डिमांड प्राप्त होने पर इसके आधार पर जिस प्रोडक्ट की आवश्यकता ज्यादा होगी, इस आधार पर प्रोडक्ट की व्यवस्था भी की जाएगी। विभागों के मांग के आधार पर उत्पाद को पहुंचाकर देने की व्यवस्था करने पर भी चर्चा की गई। विभिन्न विभागों के प्रमुख प्रोडक्ट को लेकर सी-मार्ट का विजिट भी करेंगे। आज की बैठक में प्रमुख रूप से डिप्टी कलेक्टर लवकेश ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, डीपीओ विपिन जैन, समाज कल्याण विभाग से तारा देवी, सहायक आयुक्त ट्राइबल प्रियवंदा रामटेके, आनंद पाठक, डीएल डहरिया, टी आर, गोविंद साव, प्रकाश कुमार पांडे, धीरेंद्र कुमार, अंजलि, नागेंद्र कुमार, राजीव, सोहनलाल बंजारे एवं अक्षय पात्र से आए हुए प्रबंधन मौजूद रहे।














