दुर्ग के सेलूद में छात्रों ने किया चक्काजाम:2 साल से शौचालय-बाउंड्रीवॉल नहीं, शिक्षा विभाग के अधकारियों ने 10 दिन में निर्माण का दिया आश्वासन
By Dinesh Chourasiya

दुर्ग जिले के सेलूद के स्वामी आत्मानंद विद्यालय माध्यमिक शाला (हिंदी माध्यम) के विद्यार्थियों ने मंगलवार को मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शौचालय और बाउंड्रीवॉल नहीं होने से नाराज छात्रों ने दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
विद्यार्थियों ने स्कूल शुरू होने से पहले मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। इसके बाद सभी सड़क पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। छात्रों का कहना है कि पिछले दो साल से स्कूल में पर्याप्त शौचालय और बाउंड्रीवॉल नहीं है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या दूर नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें आंदोलन करना पड़ा।








203 बच्चे, छात्राओं के लिए शौचालय जरूरी
ग्रामीणों के मुताबिक स्कूल में करीब 203 विद्यार्थी पढ़ते हैं। इनमें छात्र और छात्राओं की संख्या लगभग बराबर है। साल 2023 में स्कूल भवन की कमी को देखते हुए करीब 44 लाख रुपए की लागत से 5 अतिरिक्त कमरे बनाए गए थे।
इन कमरों में पिछले दो साल से पढ़ाई हो रही है, लेकिन शौचालय और बाउंड्रीवॉल नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।




छात्रा बोली- शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
छात्रा किंजल कुर्रे ने बताया कि दो साल से शौचालय की सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। बार-बार मांग करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, इसलिए चक्काजाम करना पड़ा।
उसने बताया कि बाउंड्रीवॉल नहीं होने से स्कूल परिसर में खड़ी साइकिलों को बाहरी लोग पंचर कर देते हैं या उनके टायर फाड़ देते हैं। छात्रा ने लड़कियों के लिए अलग शौचालय को बेहद जरूरी बताया।
ग्राम समिति अध्यक्ष ने भी मांग को जायज बताया
ग्राम समिति अध्यक्ष राजूलाल देवांगन ने छात्रों की मांग को जायज बताया। उन्होंने कहा कि छठवीं से आठवीं तक बालक-बालिकाएं पढ़ते हैं, इसलिए स्कूल में पर्याप्त शौचालय और सुरक्षित परिसर होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन मिला।
अधिकारी मौके पर पहुंचे, 10 दिन में काम शुरू होने का आश्वासन
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर के निर्देश पर जिला शिक्षा कार्यालय की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
विभाग के अनुसार संबंधित योजना के तहत ऑनलाइन प्रस्ताव पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के लिए स्कूल प्राचार्य को राशि जारी की गई है।
छात्रों के मुताबिक अधिकारियों ने 10 दिनों के भीतर शौचालय निर्माण शुरू कराने का भरोसा दिया है। अब विद्यार्थी और ग्रामीण विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।








