Uncategorized

बीएसपी में करंट लगने से कर्मचारी की मौत:इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के दौरान हुआ हादसा, हॉट सॉ-3 में कर रहे थे काम; प्रबंधन ने शुरू की जांच

By Dinesh chourasiya

भिलाई इस्पात संयंत्र में रविवार को इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम करते समय करंट लगने से संयंत्र के 36 वर्षीय कर्मचारी विनोद कुमार की मौत हो गई। हादसा यूआरएम के हॉट सॉ-3 एबी बे क्रेन-407 के पास हुआ। घटना के बाद प्लांट में हड़कंप मच गया। भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

मिली जानकारी के मुताबिक विनोद कुमार भिलाई इस्पात संयंत्र में जेईए के पद पर कार्यरत थे। रविवार को उनकी बी शिफ्ट में ड्यूटी थी। वे यूआरएम में हॉट सॉ-3, एबी बे क्रेन-407 के पास इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

शाम 4:53 बजे मेडिकल पोस्ट लाया गया हादसे के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। घायल विनोद कुमार को इलाज के लिए प्लांट के मेन मेडिकल पोस्ट-1 ले जाया गया। उन्हें शाम को मेडिकल पोस्ट लाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रबंधन ने की मौत की पुष्टि कर्मचारी की मौत की खबर सामने आने के बाद प्लांट के संबंधित विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने उस जगह का जायजा लिया, जहां विनोद कुमार इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का काम कर रहे थे। बीएसपी प्रबंधन की ओर से कर्मचारी की मौत की पुष्टि की गई है।

हादसा कैसे हुआ, जांच के बाद होगा साफ भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन का कहना है कि हादसे की शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि मेंटेनेंस के दौरान विनोद कुमार को करंट कैसे लगा। जांच में काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और हादसे से जुड़े दूसरे पहलुओं को देखा जाएगा। प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी।

Related Articles

Back to top button