
महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, बालोद की महिलाओं ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
सीधे बैंक खातों में पहुंची सहायता राशि, महिलाओं ने बताया—बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और घरेलू जरूरतों में मिल रहा सहारा








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 12 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सीधे महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 29वीं किस्त की राशि ट्रांसफर की है।





इस डिजिटल हस्तांतरण के बाद प्रदेशभर की लाभार्थी महिलाओं के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई है। इस योजना का लाभ पा रही बालोद जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों की महिलाओं ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

ग्राम बघमरा की श्रीमती देवकी विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें 29वीं किस्त की राशि प्राप्त हो चुकी है। इस राशि का उपयोग वह अपने घर के छोटे-मोटे खर्चों, बच्चों की पढ़ाई, समय पर दवाई खरीदने तथा सिलाई-कढ़ाई के कार्यों में करती हैं। ग्राम जगन्नाथपुर की श्रीमती जामवंती विश्वकर्मा ने योजना के निरंतर संचालन पर खुशी जताते हुए कहा कि हर महीने मिलने वाली यह किस्त उनके लिए बेहद मददगार साबित हो रही है। ग्राम ओरमा की श्रीमती राधिका सोनवानी ने बताया कि इस योजना से मिलने वाले पैसों से वह अपने बच्चों के स्कूल की फीस भरती हैं, जिससे उनके परिवार को काफी संबल मिला है।

उन्होंने अपने मोबाइल पर आए राशि के मैसेज को प्रसन्नतापूर्वक दिखाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को महतारी वंदन योजना के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाने के लिए सहृदय धन्यवाद और आभार ज्ञापित किया है। महिलाओं का कहना है कि यह योजना न केवल उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बना रही है, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में परिवार के भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा में एक मजबूत सहारा भी साबित हो रही है।




