Uncategorized

पहली मूसलाधार बारिश में बह गई भिलाई निगम की तैयारियां:सुपेला से तालपुरी तक जलभराव, घरों में घुसा गंदा पानी;आज भी दिनभर बारिश 

By Dinesh chourasiya

भिलाई नगर पालिक निगम की मानसून पूर्व तैयारियों के दावों की पहली ही तेज बारिश में पोल खुल गई। 4 जुलाई की रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का असर 5 जुलाई की देर रात तक शहर में बना रहा। इस दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ। सबसे खराब हालात निगम क्षेत्र के सुपेला कोसा नाला, नेहरू नगर, राधिका नगर, तालपुरी और कैंप इलाके में देखने को मिले, जहां सड़कें तालाब जैसी नजर आईं।

बारिश से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण शहर के कई हिस्सों में नालियां जाम हो गईं। इसके चलते बारिश का पानी सड़कों पर भर गया और कई स्थानों पर गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। कई कॉलोनियों के रहवासियों को रातभर घरों से पानी निकालने की मशक्कत करनी पड़ी।

वहीं, निचले इलाकों में खड़ी कारें और दोपहिया वाहन आधे से अधिक पानी में डूबे नजर आए। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

निगम की तैयारियों की खुली पोल

हर साल मानसून से पहले भिलाई नगर निगम नालों की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष तैयारियों के दावे करता है, लेकिन इस बार पहली ही भारी बारिश में निगम के सभी दावे धराशायी होते नजर आए।

शहर की जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। जिन इलाकों में हर वर्ष जलभराव की समस्या रहती है, वहां भी हालात में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला। इससे निगम के प्री-मानसून कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

181 मिमी बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

दुर्ग मौसम केंद्र के अनुसार, 5 जुलाई की सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में दुर्ग जिले में 181 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो ‘बहुत भारी बारिश’ की श्रेणी में आती है। लगातार हुई बारिश के कारण अधिकांश नालों का जलस्तर बढ़ गया और जलनिकासी की रफ्तार धीमी पड़ गई।

इसके चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आने वाले कई दिनों तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, दुर्ग-भिलाई में अगले कई दिनों तक आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने 6 से 11 जुलाई के बीच जिले में गरज-चमक के साथ वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत मौसम तंत्र के प्रभाव से मध्य भारत में मानसून सक्रिय बना हुआ है। इसी के चलते छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों, विशेषकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में, अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।

बारिश की वजह से कॉलोनी में बाइक के साथ फंसा व्यक्ति।

आम लोगों की बढ़ी मुश्किलें

शहर में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण बारिश के दौरान लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव से कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ, वहीं घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। कई नागरिक सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर नगर निगम की व्यवस्थाओं और कथित लापरवाही को उजागर कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button