भिलाई में सड़क हादसा:रेलवे कर्मचारी की मौके पर मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक घायल
By Dinesh chourasiya

नेशनल हाईवे के कोसनाला टोल प्लाजा के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय रेलवे कर्मचारी रविशंकर भारती की मौत हो गई। वह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। घटना सुपेला थाना क्षेत्र की है।







हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। गंभीर चोट लगने के कारण रविशंकर भारती की मौत हो गई। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल लाया गया है।
टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं पुलिस के अनुसार अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि बाइक को किस वाहन ने टक्कर मारी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ पुलिस आसपास लगे कैमरों की तस्वीरें भी देख रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस समय हुआ और टक्कर मारने वाला वाहन किस दिशा में गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के दुकानदारों और सड़क से गुजरने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।




पहले भी इस मार्ग पर हो चुके हैं हादसे कोसनाला टोल प्लाजा के आसपास का इलाका पहले भी सड़क हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ समय पहले इसी बंद टोल प्लाजा के पास भारी वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया था। उस समय भी यहां बंद पड़े टोल ढांचे और सड़क पर वाहनों की आवाजाही के बीच लोगों की आवाजाही को लेकर सवाल उठे थे। इस नए हादसे के बाद एक बार फिर इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे की असली वजह पता करने में जुट गई है।






