CG मे आबकारी विभाग की गाड़ी की टक्कर से नाबालिग की मौत: 2 घायल, बोलेरो नहर में गिरी; 6 आबकारी कर्मी भी जख्मी
By Dinesh chourasiya

मुंगेली में आबकारी विभाग की तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से नाबालिग लड़के की मौत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार उसके दो दोस्त घायल हो गए। वहीं, टक्कर के बाद बोलेरो नहर में गिर गई, जिससे उसमें सवार छह लोग भी घायल हो गए। घटना लोरमी के लालपुर थाना क्षेत्र की है।







जानकारी के अनुसार, लालपुर तिराहे के पास आबकारी विभाग का बोलेरो वाहन गुजर रहा था। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रही बाइक पर तीन नाबालिग बच्चे सवार थे। आबकारी विभाग के वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बैगाकापा निवासी अंकित यादव (14) को गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया




अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक पर सवार उसके दो अन्य साथी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। टक्कर के बाद आबकारी विभाग का बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा।
नहर में गिरी बोलेरो, छह कर्मचारी घायल
इस वाहन में आबकारी विभाग के एएसआई सहित कुल छह लोग सवार थे, जिन्हें चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
किराए की गाड़ी होने की बात सामने आई
शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो आबकारी विभाग की ओर से किराए पर लिया गया था। थाना प्रभारी सुंदरलाल गोरले ने बताया कि शाम के समय आबकारी विभाग की गाड़ी से बाइक की टक्कर में एक नाबालिग की मौत हुई है और दो अन्य नाबालिग घायल हुए हैं।
नहर में वाहन गिरने से आबकारी विभाग के छह कर्मचारी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है।





