दुर्ग जिले में अब कूरियर और ई-कॉमर्स कंपनियों को CCTV लगाना होगा अनिवार्य:पुलिस को देनी होगी संदिग्ध पार्सल की सूचना, पार्सल भेजने-लेने वाले का रखना होगा रिकॉर्ड
By Dinesh chourasiya
दुर्ग पुलिस, खाद्य और औषधि प्रशासन ने कूरियर सेवाओं के जरिए होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को कंट्रोल रूम सेक्टर-06, दुर्ग में दोनों विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले की अलग-अलग कूरियर कंपनियों के संचालक और ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कूरियर और ऑनलाइन डिलीवरी के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली सामग्री, अवैध दवाइयों और घातक हथियारों की सप्लाई पर रोक लगाने को लेकर चर्चा की गई। पुलिस ने पार्सल बुकिंग के दौरान नियमों का सख्ती से पालन करने को लेकर सभी प्रतिनिधियों को निर्देशित किया है। यह बैठक भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने ली।








पार्सल लेने और भेजने वाले दोनों का रखना होगा रिकॉर्ड
कूरियर संचालकों को निर्देश दिए गए कि किसी भी पार्सल की बुकिंग करते समय भेजने वाले और पार्सल लेने वाले व्यक्ति की पूरी जानकारी दर्ज की जाए। इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की कॉपी लेना जरूरी बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि इससे जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा।

सीसीटीवी अनिवार्य, एक महीने का रिकॉर्ड भी रखना होगा




सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने निर्देश देते हुए कहा कि, सभी पार्सल बुकिंग केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और कम से कम एक महीने तक फुटेज सुरक्षित रखना होगा। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यह रिकॉर्ड काफी मददगार साबित हो सकता है।
बैठक में यह भी कहा गया कि अगर किसी पार्सल पर शक हो या उसमें प्रतिबंधित दवाइयों या किसी अवैध सामग्री के होने की आशंका हो तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित थाना और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दी जाए।
दवाईयों से जुड़े पार्सलों का अलग रजिस्टर
यह भी स्पष्ट किया गया है कि दवाईयों से जुड़े पार्सलों के लिए अलग रजिस्टर रखना होगा। इसमें भेजने और प्राप्त करने वाले व्यक्ति की पूरी जानकारी दर्ज करने को कहा गया। साथ ही ऐसे मामलों में ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन भुगतान लेने की सलाह दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर भुगतान से जुड़ी जानकारी भी जांच में काम आ सके।
बैठक में कुरियर कंपनी के प्रतिनिधि हुए शामिल
अधिकारियों ने कहा कि कूरियर और ई-कॉमर्स सेवाओं का इस्तेमाल अब तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए सुरक्षा और जवाबदेही भी उतनी ही जरूरी हो गई है। इस बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक संचालक संजय सिंह, औषधि निरीक्षक विष्णु प्रसाद साहू, गायत्री पटेल, जागेश्वरी साहू सहित कई कूरियर कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे






