
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: बालोद में आंचल महिला संकुल संगठन बनेगा वेंडर, महिलाओं को मिला तकनीकी प्रशिक्षण
क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 17 जून 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत बालोद जिले के गुरूर विकासखंड में महिला सशक्तिकरण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी के निर्देशन में आंचल महिला संकुल संगठन को योजना के तहत अधिकृत वेंडर के रूप में पंजीकृत करने की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके साथ ही संगठन से जुड़ी महिलाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।




प्रशिक्षण के बाद आंचल महिला संकुल संगठन क्षेत्र में सोलर पैनल स्थापना, प्रचार-प्रसार तथा संबंधित सेवाओं में प्रत्यक्ष भागीदारी कर सकेगा। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आय के नए अवसर विकसित होंगे, वहीं स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
सहायक परियोजना अधिकारी नितेश साहू ने बताया कि प्रशिक्षण में महिलाओं को सौर ऊर्जा प्रणाली के कार्य सिद्धांत, सोलर पैनल की क्षमता, स्थापना प्रक्रिया तथा रखरखाव की बुनियादी जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के पोर्टल पर उपभोक्ता पंजीयन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, वेंडर ऐप संचालन तथा योजना के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं बैंक ऋण संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। आंचल महिला संकुल संगठन का वेंडर के रूप में चयन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका केवल लाभार्थी तक सीमित न रहकर सेवा प्रदाता और उद्यमी के रूप में भी स्थापित होगी।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय वेंडर पंजीयन नोडल महेश जायसवाल, सीएसईबी के सहायक अभियंता तथा ब्लॉक परियोजना प्रबंधक लक्ष्मी ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में आंचल महिला संकुल संगठन की पदाधिकारी और समूह की महिलाएं प्रशिक्षण में शामिल हुईं।
प्रशासन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ बिहान समूह की महिलाओं को “सोलर दीदी” के रूप में स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीन एनर्जी अभियान को नई गति प्रदान करना है।





