भिलाई में कोयला टैंक में लगी भीषण आग:हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया में दो घंटे की मशक्कत के बाद फायरब्रिगेड ने पाया काबू; बड़ा हादसा टला
By Dinesh chourasiya
भिलाई के हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एमआर एंटरप्राइजेज कंपनी में बुधवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कंपनी परिसर में बने कोयला टैंक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में ऊंची लपटें और धुआं पूरे इलाके में दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई और करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।








जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे की है। कंपनी की ओर से आग लगने की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन और अग्निशमन कर्मियों की टीम को घटनास्थल भेजा गया। मौके पर पहुंचने के बाद अग्निशमन दल ने देखा कि कंपनी के अंदर स्थित कोयला टैंक में आग तेजी से फैल रही है और लगातार तेज लपटें निकल रही हैं। स्थिति को देखते हुए टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की गई और आसपास के हिस्सों को सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया।




कोई जनहानि नहीं, बड़ा हादसा टला इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच की जा रही है। जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अग्निशमन कर्मचारियों ने जोखिम उठाते हुए आग को फैलने से रोका। अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था।




