Uncategorized

दुर्ग में खेत में काम कर रही महिलाओं पर मधुमक्खियों का हमला 40 वर्षीय महिला की मौत, मधुमक्खियों के डर से अफरा-तफरी ; 5 महिलाएं हुईं घायल

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रूहा में सोमवार को एक दर्दनाक घटना हो गई। खेत में काम कर रही महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में 40 वर्षीय दुर्गा साहू की मौत हो गई, जबकि चार से पांच अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और डर का माहौल बन गया है।

मधुमक्खियों के हमले में महिला की हुई मौत।

जानकारी के मुताबिक गांव की कुछ महिलाएं रोज की तरह खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड वहां पहुंच गया और महिलाओं पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के अचानक हमले से महिलाएं घबरा गईं और इधर-उधर भागने लगीं, लेकिन तब तक कई महिलाओं को मधुमक्खियों ने बुरी तरह काट लिया था।

डॉक्टरों ने जांच के बाद किया मृत घोषित हमले में दुर्गा साहू पति रामकुमार साहू की हालत ज्यादा खराब हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें और अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायल महिलाओं का इलाज अस्पताल में किया गया। डॉक्टरों के अनुसार बाकी महिलाओं की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

गांव में कई जगहों पर हैं मधुमक्खी के छत्ते घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के आसपास कई जगहों पर मधुमक्खियों के बड़े-बड़े छत्ते लगे हुए हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों और आसपास के इलाकों में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। लोगों का कहना है कि खेतों में रोज मजदूर और किसान काम करने जाते हैं, इसलिए वहां सुरक्षा के इंतजाम जरूरी हैं।

Related Articles

Back to top button