
जय श्री राम नहीं बोलने पर बांग्लादेशी बताकर युवक को भीड़ ने पीटा:पीड़ित बोला-40 से 50 लोग टूट पड़े, कह रहे थे काली मंदिर में काट कर चढ़ा देंगे
By Dinesh chourasiya
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा का मामला बिहार भी पहुंच गया है। मधुबनी में एक मुस्लिम युवक को बांग्लादेशी बताकर पीटा गया है।







उसे इतना मारा गया है कि उसका चेहरा पूरा सूज गया है। डॉक्टर की माने तो कुछ देर और मारपीट होती तो उसकी जान भी जा सकती है। घटना 30 दिसबंर 2025 की है। इसका वीडियो अब सामने आया है।
पीड़ित के बयान के आधार पर राजनगर थाने में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। SP योगेंद्र कुमार का कहना है कि पीटने वालों की पहचान भी कर ली गई है।
वायरल वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति को बांग्लादेशी कहकर पीटते हुए दिख रहे हैं। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल का सत्यापन किया और त्वरित कार्रवाई शुरू की।




जांच में पता चला कि यह घटना 30 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे राजनगर थाना क्षेत्र के चकदह गांव में हुई थी। पीड़ित व्यक्ति बांग्लादेश का नहीं, बल्कि सुपौल जिले का रहने वाला है।

पीड़ित बोला- 40 से 50 लोग टूट पड़े
पीड़िता ने बताया, ‘मैं एक दुकान पर खाना खाकर उठा था। कुछ लोग आए बोले ये बांग्लादेशी है। वो मुझे बांग्लादेशी समझ रहे थे। मुझे बहुत पीटा। बोल रहे थे चलो इसे काली मंदिर में ले चलो मां को चढ़ा देंगे।’
’40 से 50 लोग थे, बहुत मारा है। मेरे सामने आएंगे तो मैं उन्हें पहचान जाऊंगा। वो लोग सीधे बोल रहे थे कि मुझे जिंदा गाड़ देंगे तुम बांग्लादेशी हो।’
‘मैं बांग्लादेशी नहीं हूं। गरीब आदमी हूं। छोटे-छोटे बच्चे हैं। मजदूरी कर के घर चलाता हूं। मुझे कुछ हो गया तो मेरे घरवालों का क्या होगा।’
अब जानिए घटना को लेकर गांव वाले क्या कहते हैं
- जयश्री राम नहीं कहने पर पीटा: गांव वालों ने बताया, हम घर पर थे। एक लड़के से पूछा तो उसने बताया कि उससे जयश्री राम कहने को कहा था। उसने बोलने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई। ये बिल्कुल गलत है। इस तरह से नहीं करना चाहिए। मेरा आधा परिवार पंजाब में है किसी के साथ इस तरह से मारपीट गलत है।
- बांग्लादेशी बताकर मार रहे थे: रामबाबू साह ने बताया, मैंने उससे पूछा कि क्या आप बंगाली हो। उसने कहा नहीं मैं यहीं का हूं। बंगाल का नहीं हूं। लड़कों ने उसे धमकाया। पाकिस्तानी है, बांग्लादेशी है। जयश्री राम बोलो। उसने जयश्री राम भी बोल दिया। इसके बाद भी उसे पीटा।
- मुसलमान था इसलिए पीटा: गांव की महिला ने बताया, गरीब आदमी को जयश्री राम कहने के लिए बोल रहे थे। क्या राम ऐसा कहने को बोलते हैं। उसे बेरहमी से पीटा है। वो चिल्लाता रहा कोई बचाने नहीं गया। मुसलमान था इसलिए उसे इतना पीटा। क्या हमारा यहां कुछ नहीं है क्या।
- वो मजदूरी करता था, गलत पीटा: एक गांव वाले ने बताया, गांव में मनीष नाम का ठेकेदार काम करवा रहा था। सभी मजदूर उसी के अंडर में काम कर रहे थे। मजदूरों में मारपीट हुई है। जिसे पीटा वो अच्छा आदमी था। काम से काम रखता था।




