CG में दूसरे युवक से अफेयर के शक में पत्नी का मर्डर:बकरा काटने वाले हथियार से काटा गला, थाने पहुंचकर पति ने किया सरेंडर
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक पति ने अपनी पत्नी का मर्डर कर दिया है। आरोपी पति सेतु चौहान (34 साल) को अपनी पत्नी पर दूसरे युवक से अफेयर का शक था। नए साल के पहले दिन 1 जनवरी 2026 की रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ जिसके बाद उसने लोहे के हथियार से पत्नी के गर्दन में मारकर मौत के घाट उतार दिया।
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। आरोपी ने रात में बनसिया रोड पर घटना को अंजाम दिया और खुद थाना पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








चरित्र संदेह को लेकर अक्सर झगड़ा होता था
जानकारी के मुताबिक, पुसौर के नवापारा का रहने वाला सेतु चौहान (34 साल) पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी निशा चौहान (30 साल) और दो बच्चों के साथ चमड़ा गोदाम में किराए के मकान में रह रहा था।
उसे अपनी पर पत्नी पर चरित्र संदेह था। इसे लेकर उनके बीच कई बार बहस होती थी। जहां 1 जनवरी 2026 की रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ।




इसके बाद रात तकरीबन 8 बजे सेतु अपनी पत्नी को सांगीतराई से बनसिया रोड पर लेकर गया और वहां उसके गर्दन पर लोहे के कत्ते (बकरा-मुर्गा काटने का हथियार) से जोरदार मारा।
इससे निशा खून से लथपथ में गिर गई और मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर सेतु जूटमिल थाना पहुंचा और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंची
जानकारी मिलते ही पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजवाया। बताया जा रहा है कि सेतु को जेल काॅम्पलेक्स क्षेत्र में रहने वाले किसी युवक के साथ उसकी पत्नी का अफेयर होने का संदेह था। जिसके कारण उसने घटना को अंजाम दिया।
मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही
इस संबंध में जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत आहेर ने बताया कि रात की घटना है। आरोपी ने अपनी पत्नी पर चरित्र पर शंका में उसकी हत्या कर दी। फिलहाल मामले में पुलिस आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर आगे की कार्रवाई में जूट गई है।




