दुर्ग में सुबह-सुबह जिम में लगी आग:वर्कआउट कर रहे लोग बाल-बाल बचे, लाखों का सामान जलकर खाक
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड स्थित एक जिम में 10 दिसंबर की सुबह अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।







मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। सुबह 6 बजे की घटना है। कुछ लोग वर्कआउट के लिए पहुंचे थे, जो घटना के बाद तुरंत बाहर निकल गए। आग बुझाने में दमकल की दो गाड़ियां पहुंची थी। घटना में लाखों का सामान जिम मशीनें जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण अभी अज्ञात है।

सुबह-सुबह लगी आग
घटना सुबह लगभग 6:15 बजे की है। जानकारी के अनुसार मनीष देवांगन के फिटनेस सेंटर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग तीसरी मंजिल में लगी थी, जिससे धुआं पूरी इमारत में फैल गया और स्थिति गंभीर होती चली गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन कार्यालय ने तुरंत दो दमकल वाहनों को भेजा।




आगजनी की इस घटना में जिम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया है। यह पूरा सामान जिम उपकरण बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

आग बुझाने में कड़ी मशक्कत
आग बुझाने में दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तीसरी मंजिल तक सीढ़ियां लगाकर पहुंचे और जिम में प्रवेश किया। चारों तरफ से पानी की तेज बौछार की गई। दो गाड़ियों के पानी का उपयोग कर आग को पूरी तरह काबू में किया गया।
आग ऊपरी तल पर होने से टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनके समन्वय और तेजी ने आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थल पर मौजूद दल प्रभारी धनु यादव और भगवती पंजारे के नेतृत्व में टीम ने आग पर काबू पाया।




