Uncategorized

DGP-IG कॉन्फ्रेंस का अंतिम दिन, मॉडल स्टेट चुना जाएगा:पुलिसिंग में AI, जियो-पॉलिटिकल चैलेंजेस पर चर्चा; PM मोदी बोले-महिला सुरक्षा के लिए बने एक प्लेटफॉर्म

By Dinesh chourasiya

IIM नवा रायपुर में 60वें अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस का आज तीसरा और अंतिम दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह 9 बजे अधिकारियों से अनौपचारिक चर्चा की। इसके बाद 10 बजे से बैठक शुरू हुई। पहले सत्र में उन राज्यों को प्रेजेंटेशन देने का मौका मिला, जो कल अपनी रिपोर्ट पेश नहीं कर पाए थे।

पहले सत्र में पुलिसिंग में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के उपयोग पर चर्चा की गई। दूसरे सत्र में गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया पर फोकस रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों की जरूरतों, राज्यों के इनपुट और पिछली सिफारिशों को ध्यान में रखते हुए अंतिम गाइडलाइन का ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा। साथ ही देश के जियो-पॉलिटिकल चैलेंजेस पर चर्चा होगी।

इसी दौरान ‘मॉडल स्टेट’ भी चुना जाएगा, जिसकी बेहतरीन प्रैक्टिस को पूरे देश में लागू किए जाने की तैयारी है। दोनों सत्रों के पूरा होने और गाइडलाइन के अंतिम रूप में आने के बाद कॉन्फ्रेंस के औपचारिक समापन की प्रक्रिया शुरू होगी।

वहीं कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन शनिवार को 13 घंटे मैराथन बैठक हुई थी। बैठक की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत देशभर की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। पीएम ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने डायल 112 की तरह देश भर में एक प्लेटफॉर्म बनाया जाए।

कॉन्फ्रेंस खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्कूली बच्चों से कॅरियर और परीक्षा को लेकर चर्चा करेंगे। शाम 4 बजे नए स्पीकर हाउस एम-1 में पीएम केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं से मिलेंगे। 30 स्टूडेंट्स को पीएम से मिलने के लिए बुलाया गया है। इस मुलाकात के बाद पीएम दिल्ली रवाना होंगे।

Related Articles

Back to top button