छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बोले-पीएम का विरोध करते-करते राहुल गांधी भूले संस्कार:कहा- विरोध की भी मर्यादा होनी चाहिए, एफआईआर कराएंगे दर्ज
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सोमवार को कांग्रेस और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते अब पूरी तरह से अपनी मर्यादा खो चुके हैं। पत्रकारों से चर्चा में मंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा और गाली-गलौज करना कांग्रेस की हताशा और निराशा को दर्शाता है।
बता दें कि राहुल गांधी ने हाल ही में एक चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर जो बयान दिया था, उसके विरोध में बीजेपी संभाग स्तरीय पर पत्रकार वार्ता कर रही है। इसी कड़ी में दुर्ग में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बीजेपी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस की।







राहुल ने लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान किया
इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री ने राहुल गांधी के बयान पर दुख जताते हुए कहा कि ये दुर्भाग्य की बात है कि वे प्रधानमंत्री की माताजी की बारे में इस तरह के अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने सिर्फ प्रधानमंत्री का ही नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान किया है।
कांग्रेस आज जिस दौर से गुजर रही है, उसमें उसके पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। ऐसे में राहुल गांधी बार-बार प्रधानमंत्री मोदी पर व्यक्तिगत हमले कर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके खिलाफ अपशब्द कहना, दरअसल पूरे देश का अपमान करना है।




विरोध की मर्यादा होनी चाहिए, अपने पूर्वजों से सीखें राहुल गांधी गजेंद्र यादव ने राहुल गांधी के हालिया बयान को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि राजनीति में विरोध होना चाहिए, लेकिन विरोध की भी एक मर्यादा होती है। राहुल गांधी को अपने पूर्वजों से सीखना चाहिए। किस तरह विपक्ष और पक्ष के नेता एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।
“कांग्रेस नेताओं को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में किसी भी तरह की असभ्य भाषा का कोई स्थान नहीं है। राहुल गांधी का यह व्यवहार देश की राजनीति और युवाओं के लिए गलत संदेश दे रहा है। वहीं इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाने की भी बात मंत्री यादव ने कही है।




