जम्मू कश्मीर में फंसे रायपुर-भिलाई के 65 पर्यटक:सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रीनगर के होटल में ठहराया गया, कल आतंकी हमले में 27 लोग मारे गए थे
By Dinesh chourasiya

जम्मू कश्मीर में आतंकवादी हमले के बाद सभी टूरिस्टों को रोक दिया गया है। इसमें भिलाई के 10 और रायपुर के 55 समेत 65 पर्यटक श्रीनगर में फंसे हैं। उन्हें भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक होटल में ठहराया गया है। भिलाई की एक महिला ने वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी है।
दरअसल, श्रीनगर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर बड़ा आतंकवादी हमला हुआ। इसमें 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। यह हमला उस वक्त किया गया, जब बैसरन घाटी में बड़ी तादाद में पर्यटक मौजूद थे। मृतकों में UP, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक हैं। इसमें नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट और 2 स्थानीय भी मारे गए हैं।







बड़ी संख्या में पहुंचे हैं छग के पर्यटक
कश्मीर घूमने के लिए छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे थे। हमले के बाद 65 लोगों को श्रीनगर के होटल में ठहराया गया है। राज्य सरकार उन सभी को सुरक्षित लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ये सभी पर्यटक मंगलवार को ही पहलगाम पहुंचे थे। आतंकी घटना के तुरंत बात फोर्स ने सभी पर्यटकों को रोक दिया गया है।
पहलगाम में जिस जगह पर छत्तीसगढ़ के पर्यटक रुके थे, वहां से बैसरन घाटी की दूरी कुछ ही घंटों की है। इसलिए उन्हें पहले ही रोक दिया गया और फिर सुरक्षित लाकर श्रीनगर के एक होटल में ठहराया गया है।




कश्मीर को किया गया बंद
सुरक्षा के लिहाज से जम्मू कश्मीर को बंद कर दिया गया है। सभी जगह सेना तैनात कर दी गई है। जो भी पर्यटक बाहर जा रहे हैं, उनके गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। पूछताछ की जा रही है। उसके बाद ही उन्हें बाहर जाने दिया जा रहा।
राज्य सरकार पर्यटकों के संपर्क में
भिलाई के सेक्टर-7 निवासी महिला विजया शुक्ला अपनी फैमली के 10 लोगों के साथ श्रीनगर गई है। श्रीनगर के होटल से एक वीडियो भी पोस्ट किया है। उसमें वो वहां के हालत के बारे में बता रही है। इधर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के लोगों से बातचीत की है। डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा भी लगातार पर्यटकों से संपर्क में हैं।
18 अप्रैल को निकले थे जम्मू घूमने
छत्तीसगढ़ के भिलाई से जो पर्यटक वहां फंसे हैं वो सभी टूर पैकेज कराकर 18 अप्रैल को यहां से निकले थे। वो लोग जम्मू, श्रीनगर, पहलगाम सभी जगह घूमने जाने वाले थे।
रायपुर के जर्नलिस्ट राम अवतार तिवारी भी इस वक्त श्रीनगर कश्मीर में मीडिया को बताया कि, हम घटना के समय लगभग 10 से 15 किलोमीटर की दूरी पर थे। पहलगाम ही घूमने के लिए जा रहे थे, लेकिन सुरक्षा बल ने हमें रास्ते में ही रोक दिया। हमें जानकारी मिली कि वहां फायरिंग हुई है। सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
इस वजह से पर्यटकों को वहां जाने की अनुमति नहीं है। हम कुछ देर जाम में फंसे रहे। इसके बाद हमने देखा कि लगातार पुलिस की गाड़ियां और एम्बुलेंस का आना-जाना लगा हुआ है। पहलगाम की ओर से श्रीनगर जा रहे लोगों को ही वापस आने दिया जा रहा था। पहलगाम को खाली कराया जा रहा था। हमें भी सुरक्षा बलों ने लौटने को कह दिया।
जिसके बाद हम सभी लौट कर श्रीनगर की ओर बढ़े। कुछ देर बाद पता चला कि देर रात अमित शाह बैठक ले रहे हैं। पूरा जिला प्रशासन अलर्ट पर है। आज सभी बाजार और पर्यटक क्षेत्र बंद कर दिए गए हैं। हम इस वक्त कश्मीर के श्रीनगर के एक होटल में है। स्थिति सामान्य होने पर ही छत्तीसगढ़ आएंगे। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हमसे फोन पर संपर्क कर हाल-चाल जाना। स्थानीय प्रशासन भी पर्यटकों की देखभाल कर रहा है। फिलहाल हम सभी सुरक्षित हैं।
रायपुर के एक युवक की हत्या
गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने फेसबुक पोस्ट में जानकारी दी है कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में रायपुर के दिनेश मिरानिया की मौत हुई है। गृहमंत्री ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धांजलि भी दी है।




